उधमसिंह नगर ब्रेकिंग: गाड़ी खड़ी करने के विवाद में महुआखेड़ा गंज में हत्या, SSP अजय गणपति के निर्देश पर 2 आरोपी गिरफ्तार
काशीपुर/ऊधमसिंह नगर: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जनपद अंतर्गत कोतवाली आईटीआई क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दुखद मामला सामने आया है। महुआखेड़ा गंज में घर के आगे गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि दबंगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से एक परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ऊधमसिंह नगर, अजय गणपति के सख्त निर्देशन में आईटीआई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 31 मई 2026 को महुआखेड़ा गंज निवासी अनीश (पुत्र कासम अली) ने कोतवाली आईटीआई में एक शिकायती पत्र सौंपा। तहरीर में बताया गया कि 30 मई 2026 की रात लगभग 11:00 बजे पूरा परिवार उनकी पोती की शादी की तैयारियों में व्यस्त था। इसी दौरान मोहल्ले के ही अली अकबर (पुत्र सुबराती) और अहमद रजा (पुत्र साबिर हुसैन) अपनी स्कॉर्पियो कार लेकर आए और अनीश के घर के मुख्य दरवाजे के सामने खड़ी कर दी।
शिकायतकर्ता अनीश ने जब उनसे अनुरोध किया कि घर में शादी का माहौल है और वहां शादी का सामान रखा जाना है, इसलिए वे गाड़ी को कहीं और पार्क कर दें, तो दोनों आरोपी भड़क गए। गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को भी बुला लिया। देखते ही देखते दबंग लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से लैस होकर आए और अनीश व उनके परिजनों पर बेरहमी से टूट पड़े।
इस खूनी संघर्ष में अनीश के परिवार के सदस्य अफजल (पुत्र महबूब अली) के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार वार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। इसके अलावा परिवार के कई अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में अफजल को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान 31 मई 2026 को उनकी मौत हो गई।
शादी की खुशियों वाले घर में मातम पसरते ही एसएसपी अजय गणपति ने घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह राठौर ने स्वयं मामले की विवेचना हाथ में लेते हुए कोतवाली आईटीआई में तत्काल मुकदमा अपराध संख्या (FIR NO) 150/26, धारा 103(1) [हत्या], 115(2), 117(2), 131, 191(2), 191(3), 333, 351(3) बीएनएस (BNS) बनाम नाजिम आदि पंजीकृत किया और दबिश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया।
पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से मंगलवार, 2 जून 2026 को क्षेत्र में भिन्न-भिन्न स्थानों पर छापेमारी कर दो नामजद मुख्य आरोपियों को धर दबोचा।
-
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
-
अली अकबर, पुत्र सुबराती
-
नाजिम, पुत्र सुबराती (दोनों निवासीगण: महुआखेड़ा गंज, कोतवाली आईटीआई, जनपद ऊधमसिंह नगर)
-
पकड़े गए दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही वे भी सलाखों के पीछे होंगे।





