बरसात में फिसलन भरी सड़क पर नियंत्रण खो बैठी गाड़ियां, दरोगा घायल
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी. नरेंद्र रविवार शाम दिल्ली से नैनीताल लौटते समय एक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। यह हादसा मुरादाबाद के पास रामगंगा पुल पर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-24) पर उस समय हुआ जब उनके काफिले में शामिल स्कॉर्ट वाहन ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया।
तेज बारिश के बीच फिसलन भरी सड़क पर मुख्य न्यायाधीश की टोयोटा कैमरी कार स्कॉर्ट वाहन से टकरा गई। इससे पहले कि कार नियंत्रित हो पाती, पीछे से आ रही सुरक्षा कर्मियों की एक अन्य गाड़ी भी फिसलकर सीजे की कार में जा भिड़ी।
हादसे में मुख्य न्यायाधीश को मामूली झटका लगा, जबकि सुरक्षा वाहन में सवार एक दरोगा को हल्की चोटें आईं। घायल दरोगा को तुरंत मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा नैनीताल से तत्काल एक वैकल्पिक वाहन भेजा गया, जिसमें मुख्य न्यायाधीश देर रात सुरक्षित नैनीताल पहुंचे।
हादसे के चलते मुख्य न्यायाधीश की सरकारी कैमरी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसे मरम्मत के लिए मुरादाबाद में ही छोड़ दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मुरादाबाद जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल, मुख्य न्यायाधीश पूर्णतः सुरक्षित हैं और सोमवार से अपने नियमित न्यायिक कार्यों का संचालन करेंगे।
