पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: बोलेरो खाई में गिरी, 8 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल
पिथौरागढ़ जिले के मुवानी से बोकटा की ओर जा रही एक बोलेरो वाहन मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर ही आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और आपदा राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। खाई में गिरे वाहन से शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया भी जारी है। जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।

