Spread the love

पंचायत चुनाव को लेकर थानाध्यक्ष कौसानी ने ग्राम प्रहरियों के साथ की बैठक, दिये दिशा-निर्देश

🖊️ संवाददाता: सीमा खेतवाल

कौसानी (बागेश्वर), 16 जुलाई 2025 – आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष श्री दिनेश पंत ने बुधवार को ग्राम प्रहरियों की बैठक लेकर उन्हें कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने कहा कि ग्राम प्रहरी अपने क्षेत्रों में हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल थाना कौसानी या आपातकालीन सेवा 112 नंबर पर दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पंचायत चुनावों के दौरान निष्पक्षता व पारदर्शिता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

थानाध्यक्ष पंत ने ग्राम प्रहरियों से स्थानीय समस्याओं की जानकारी भी ली। कई प्रहरियों ने पेयजल, रास्तों की मरम्मत, रोशनी की व्यवस्था जैसी समस्याएं सामने रखीं, जिनका मौके पर ही समाधान सुझाया गया।

मानसून को ध्यान में रखते हुए थानाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि यदि गांव में भूस्खलन, जलभराव या पेड़ गिरने जैसी घटनाएं हों तो तुरंत आपदा नियंत्रण कक्ष, थाना या 112 पर सूचना दें। इसके लिए आवश्यक संपर्क नंबर सभी को उपलब्ध कराए गए।

थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि किसी गांव में कोई नशा बेचता या सेवन करता पाया जाए, तो उसकी सूचना बिना देरी के पुलिस को दी जाए, ताकि त्वरित और सख्त कार्रवाई हो सके।

बैठक में ग्राम प्रहरियों ने भरोसा दिलाया कि वे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सहयोग का माहौल बनाए रखने में पूर्ण सहयोग करेंगे।


Spread the love