Spread the love

जनता मिलन में उठाई गई शिकायत पर आयुक्त की पहल से मिला इंसाफ, शिकायतकर्ता को मिला पूर्ण भू-रकबा

हल्द्वानी, 17 जुलाई 2025 । मुख्यमंत्री जनता मिलन कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसी क्रम में हल्द्वानी के तहसील लालकुआं क्षेत्र के हिमंतपुर चौमवाल निवासी हरीश चन्द्र शर्मा को उनकी भूमि से संबंधित समस्या का समाधान आयुक्त दीपक रावत की सक्रिय पहल से मिला है।

करीब दो माह पूर्व हरीश चन्द्र शर्मा ने जनता मिलन कार्यक्रम में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने नामूना बाजपुर निवासी प्रेम सिंह से 7000 वर्गफीट भूमि खरीदी थी, जिसकी रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया विधिवत रूप से पूरी हो चुकी थी। लेकिन बाद में जब भूमि की पैमाइश कराई गई, तो उसमें करीब 600 वर्गफीट की कमी पाई गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त/सचिव दीपक रावत ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की टीम द्वारा स्थल निरीक्षण और अभिलेखीय सत्यापन के उपरांत यह पुष्टि हुई कि खरीदी गई भूमि में वास्तविक रूप से कमी है।

इसके बाद आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को खरीदी गई पूरी भूमि का रकबा प्रदान किया जाए। विभागीय प्रक्रिया पूरी करते हुए राजस्व अधिकारियों ने हरीश चन्द्र शर्मा को उनकी संपूर्ण भूमि उपलब्ध करा दी है।

आज 17 जुलाई को श्री शर्मा ने आयुक्त से भेंट कर उनके प्रति आभार जताया और कहा कि यदि प्रशासन इस तरह सजग और संवेदनशील हो तो आम जनता को न्याय मिलना आसान हो जाता है।

आयुक्त दीपक रावत ने इस अवसर पर कहा कि, “प्रशासन आमजन के अधिकारों और समस्याओं के प्रति पूरी तरह सजग है। पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई हमारी प्राथमिकता है। जनता मिलन जैसे माध्यमों से हर व्यक्ति की आवाज सुनी जाएगी और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।”


Spread the love