देहरादून में फर्जी बाबाओं और मौलाना के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ऑपरेशन ‘कालनेमि’ में 8 ढोंगी गिरफ्तार
देहरादून। देहरादून पुलिस ने ऑपरेशन ‘कालनेमि’ के तहत जनपद में फर्जी धार्मिक भेषधारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फर्जी मौलाना समेत आठ ढोंगियों को गिरफ्तार किया है। यह सभी लोग धार्मिक आस्था का ढोंग रचाकर आमजन को ठगने और गुमराह करने में लिप्त थे।
गिरफ्तार आरोपियों में मो. याकूब नामक व्यक्ति भी शामिल है, जो स्वयं को मौलाना बताकर मदरसे के नाम पर चंदा वसूलता था और उस रकम को खुद के इस्तेमाल में लाता था। वहीं, साधु-संतों के भेष में घूमकर आम जनता, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को झूठे उपाय बताकर ठगी करने वाले सात अन्य फर्जी बाबाओं को भी पुलिस ने दबोचा है।
इस अभियान को मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य धार्मिक वेशभूषा की आड़ में हो रही ठगी और अंधविश्वास फैलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे फर्जी साधु-मौलवियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करें।
पुलिस ने बुधवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों से जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया, उनमें शामिल हैं:
-
मो. याकूब, निवासी कुरड़ीखेड़ा थाना बिहारीगढ़
-
भिखारी लाल, निवासी रानीगंज मखना, जनपद पीलीभीत
-
कुलदीप शर्मा, निवासी लेबर कॉलोनी, फिरोजाबाद (उ.प्र.)
-
हजारी लाल, निवासी खेरगढ़, फिरोजाबाद
-
सरयुग यादव, निवासी धनोआ, मधुबनी (बिहार)
-
बलदेव, निवासी बालू मास, जिला रांची (झारखंड)
-
बबली, निवासी रोशनाबाद, हरिद्वार
-
वर्षराम गिरि, निवासी त्रिवेणीघाट, ऋषिकेश
बता दें कि यह अभियान 9 जुलाई से चल रहा है और अब तक पुलिस 121 फर्जी बाबाओं और ढोंगियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और धार्मिक आस्था की आड़ में जनता को गुमराह करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
