जिलाधिकारी वंदना ने विभिन्न विकास कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण, गोला नदी कटाव और कूड़ा निस्तारण कार्य में तेजी लाने के निर्देश

हल्द्वानी, 2 अगस्त 2025: जिलाधिकारी वंदना ने शनिवार को हल्द्वानी नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बनभूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग से गोला पुल तक गोला नदी में बहाव के कारण हो रहे कटाव की रोकथाम के लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) द्वारा कराए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों और क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सतह सुधारीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोला नदी में कभी भी जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे खतरा बढ़ने की आशंका है। ऐसे में सुरक्षात्मक कार्यों में और तेजी लाई जाए ताकि संभावित नुकसान को रोका जा सके। अधिशासी अभियंता लोनिवि ने जानकारी दी कि गोला नदी में कटाव रोकथाम के लिए ₹1.87 करोड़ की लागत से कार्य किए जा रहे हैं। परियोजना में मशीनरी और मैनपावर की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
रेलवे क्रॉसिंग से गोला पुल तक क्षतिग्रस्त सड़क के पुनर्निर्माण एवं विस्तार कार्य का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने लोनिवि को ₹1.48 करोड़ की परियोजना को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे सुरक्षा की दृष्टि से क्रैश बैरियर लगाने के भी आदेश दिए।
जिलाधिकारी ने ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचकर नगर निगम द्वारा कराए जा रहे पुराने कूड़े (लिगेसी वेस्ट) के निस्तारण कार्य का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अवगत कराया कि लगभग 40 प्रतिशत कूड़े का उठान हो चुका है। जिलाधिकारी ने कहा कि कूड़ा हटाने की प्रक्रिया में और गति लाई जाए तथा अतिरिक्त मशीनें लगाई जाएं ताकि समय पर स्थल खाली कर एनटीपीसी द्वारा प्लांट स्थापित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान एनटीपीसी परियोजना प्रबंधक सद्दाम हुसैन ने बताया कि कूड़ा हटने के बाद प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस प्लांट में प्रतिदिन कूड़े से कोयला तैयार किया जाएगा, जिसे एनटीपीसी के थर्मल पावर प्लांट में उपयोग किया जाएगा। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि प्लांट स्थापना के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले के साथ-साथ आसपास के जनपदों की कूड़े की समस्या का स्थायी समाधान सिद्ध हो सकती है।
ट्रेंचिंग ग्राउंड में नगर निगम द्वारा ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित किए जा रहे क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने मानसून काल में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पूरे क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने गोलापुल से नरीमन तिराहे तक राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता लोनिवि ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा ₹4.57 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसके अंतर्गत यह कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, उपजिलाधिकारी राहुल शाह, एनटीपीसी परियोजना प्रबंधक सद्दाम हुसैन, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, प्रबंधक यूयूएसडीए सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
