चम्पावत: पांच बच्चों की मां बनी दुष्कर्म की शिकार
पीड़िता अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर नगर क्षेत्र में एक विवाहिता से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार टनकपुर क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी 32 वर्षीय विवाहिता बेटी के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया। शिकायत में कहा गया कि कुछ दिन पूर्व आरोपी युवक ने उसकी बेटी के साथ जबरन शारीरिक छेड़छाड़ की, जिसके बाद अधिक रक्तस्राव होने पर पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
बताया गया कि पीड़िता पांच बच्चों की मां है और वह पति से अलग होकर इन दिनों अपने मायके में रह रही थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर 25 वर्षीय आरोपी करन कश्यप निवासी टनकपुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक हिमानी गहतोड़ी को सौंपी गई है।
