महर्षि विद्या मंदिर में उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
संवाददाता सीमा खेतवाल
बागेश्वर, 01 सितम्बर 2025। महर्षि विद्या मंदिर में सोमवार को उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ और कार्यालय स्टाफ मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या रेखा धामी ने प्रतिभागियों को शपथ दिलाई कि वे भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा प्रमाणित उत्पादों का ही उपयोग करेंगे। साथ ही उन्होंने सभी को आईएसआई मार्क, हॉलमार्क और आर-मार्क लगे उत्पादों की प्रमाणिकता की जांच करने और उपभोक्ता अधिकारों एवं जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का संकल्प भी दिलाया।

इस अवसर पर संसाधन व्यक्ति दीपचंद्र जोशी ने उपस्थितजनों को बीआईएस केयर एप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस एप के माध्यम से उपभोक्ता आईएसआई मार्क उत्पादों को सीएमएल नंबर, हॉलमार्क उत्पादों को एचयूआईडी नंबर और आर-मार्क उत्पादों को सीआरएस नंबर से आसानी से जांच सकते हैं। यदि बाजार में कोई नकली उत्पाद मिलता है और उपभोक्ता के पास उसकी रसीद उपलब्ध है, तो बीआईएस केयर एप पर शिकायत दर्ज कर संबंधित विक्रेता, स्टॉकिस्ट और निर्माता के खिलाफ कार्रवाई कराई जा सकती है।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को जागरूक उपभोक्ता बनने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही यह भी अपील की गई कि विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ और विद्यार्थी अपने अभिभावकों को भी बीआईएस केयर एप डाउनलोड करने और उसका उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। इससे समाज में उपभोक्ता जागरूकता को और अधिक गति मिल सकेगी।
