छात्रसंघ चुनाव पर सख्त निगरानी : कुमाऊं आईजी ने पुलिस अधिकारियों को दी चेतावनी
नैनीताल। हाल ही में हुए जिला पंचायत चुनाव में गड़बड़ियों और मामले के हाईकोर्ट तक पहुंचने के बाद अब पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। इस पृष्ठभूमि में प्रदेश के महाविद्यालयों में घोषित छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है।
कुमाऊं की पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रिद्धिम अग्रवाल ने साफ निर्देश दिए हैं कि छात्रसंघ चुनाव शांति और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि चुनाव के दौरान कोई अप्रिय घटना, हिंसा या हंगामा होता है तो संबंधित क्षेत्र के थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी सीधे जिम्मेदार माने जाएंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आईजी अग्रवाल ने बताया कि पुलिस प्रशासन पहले ही चुनाव को लेकर आवश्यक बैठकें कर चुका है। पुराने विवादों और प्रतिद्वंद्विताओं की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनाव दिवस पर किसी भी प्रकार की अशांति रोकने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों की पहले से पहचान करना थानाध्यक्षों की जिम्मेदारी होगी।
हल्द्वानी, रामनगर और हल्दूचौड़ जैसे स्थानों के डिग्री कॉलेजों में पहले भी चुनाव के दौरान विवाद और झगड़े हो चुके हैं। खासतौर पर हल्द्वानी एमबीपीजी महाविद्यालय, जो कुमाऊं का सबसे बड़ा कॉलेज है, इस बार भी छात्र राजनीति का केंद्र बना हुआ है।
पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कॉलेज परिसरों में जवानों की तैनाती शुरू कर दी है। कॉलेज गेट पर आने-जाने वाले छात्रों की जांच की जा रही है, ताकि बाहरी तत्व प्रवेश कर अशांति न फैला सकें।
पुलिस का कहना है कि इस बार चुनाव में शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अप्रिय घटना को हर हाल में रोका जाएगा।
