महादेव शटरिंग यूनियन ने बाहरी राज्यों से आए लोगों की निरंकुशता पर जताई चिंता
शासन-प्रशासन ने नहीं लिया संज्ञान, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
✍ संवाददाता – सीमा खेतवाल
बागेश्वर। महादेव शटरिंग यूनियन की बैठक श्री राधाकृष्ण मंदिर धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बाहरी प्रदेशों से आए लोगों द्वारा स्थानीय व्यवसायों में हस्तक्षेप को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की।
बैठक में कहा गया कि बाहरी राज्यों से आए लोग न केवल शटरिंग का कार्य और किराये पर सामान देने का कारोबार कर रहे हैं, बल्कि फल-सब्जी के ठेले, बर्तन-कपड़े की फेरी तथा बड़े-बड़े मॉल खोलकर स्थानीय व्यापार को नुकसान पहुँचा रहे हैं। इसके चलते प्रदेश के बेरोजगार युवाओं का लगातार पलायन जारी है।
समिति ने आरोप लगाया कि जहाँ एक ओर राज्य व केंद्र सरकार पलायन रोकने हेतु अनेक योजनाएं बना रही हैं, वहीं दूसरी ओर बाहरी प्रदेशों से आए लोगों की निरंकुश गतिविधियों पर अंकुश लगाने में शासन-प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है। महादेव शटरिंग समिति, बागेश्वर द्वारा इस विषय पर कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक बेरोजगार युवाओं की समस्याओं पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि शासन-प्रशासन ने शीघ्र ही कोई ठोस फैसला नहीं लिया तो समिति आंदोलन को बाध्य होगी।
