हल्द्वानी: विवाहिता से दुष्कर्म के बाद ब्लैकमेल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
हल्द्वानी। कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म कर उसका अश्लील वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार बरेली रोड क्षेत्र की 25 वर्षीय विवाहिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका पति श्रमिक है और वह अपनी चार वर्षीय बेटी के साथ घर पर रहती है। कुछ दिन पूर्व जब वह घर पर अकेली थी, तभी वार्ड-27 नई बस्ती निवासी राहुल सागर उसके घर में जबरन घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि इस दौरान युवक ने अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार उसे फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है और जबरन संबंध बनाने का दबाव डाल रहा है। महिला के अनुसार, आरोपी लंबे समय से उसे परेशान कर रहा है और अब वीडियो के जरिए मानसिक प्रताड़ना दे रहा है।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
