Spread the love

वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति की आम बैठक संपन्न, निष्क्रिय सदस्यों पर होगी कार्रवाई

हल्द्वानी। वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति, हल्द्वानी की आम बैठक शनिवार को समिति के सभागार (पंडित गोविंद बल्लभ पंत पुस्तकालय भवन) में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष श्री इंदर सिंह निगल्टिया ने की, जबकि संचालन महामंत्री श्री डी.के. पांडे ने किया। बैठक में वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण परिषद (दर्जा राज्य मंत्री) के माननीय उपाध्यक्ष श्री नवीन चंद्र वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में विगत माह की कार्रवाई का वाचन कर सदन से पुष्टि कराई गई। साथ ही 1 अक्टूबर को संपन्न अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी सदस्यों को बधाई दी गई। बैठक में बताया गया कि उक्त कार्यक्रम हेतु श्री जी.एस. चढ़ा द्वारा ₹1000 तथा श्री उमेश पांडे द्वारा ₹500 का विशेष सहयोग प्रदान किया गया था, जिसके लिए सदन की ओर से दोनों का आभार व्यक्त किया गया। इसी अवसर पर समिति के भूतपूर्व अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र मठपाल ने समिति के कार्यकलापों से संतुष्ट होकर ₹21,000 की सहयोग धनराशि प्रदान की। सदन ने करतल ध्वनि से उनका स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

बैठक में यह भी चर्चा की गई कि कुछ सदस्य स्वस्थ एवं नगर में उपस्थित होने के बावजूद कई महीनों से न तो मासिक बैठकों में भाग ले रहे हैं और न ही निर्धारित मासिक सहयोग धनराशि (₹100 प्रतिमाह) जमा कर रहे हैं। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ऐसे निष्क्रिय सदस्यों को एक बार पुनः समिति से जुड़ने हेतु अनुरोध किया जाएगा, अन्यथा उन्हें समिति के व्हाट्सऐप ग्रुप से हटाने की कार्यवाही की जाएगी। समिति के सभी सदस्यों से अपने परिचित वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क कर उन्हें समिति से जोड़ने का अनुरोध किया गया, ताकि संगठन को और सशक्त बनाया जा सके।

बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि किसी सदस्य को गोल्डन कार्ड, आयुष्मान कार्ड या वय-वंदन कार्ड बनवाने में कोई कठिनाई आ रही है, तो वह अपना विवरण समिति को उपलब्ध कराएं ताकि संबंधित विभाग को पत्र भेजा जा सके।
श्री नवीन चंद्र वर्मा ने सुझाव दिया कि वरिष्ठ नागरिक कार्ड जिला समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से बनवाए जाएं।

बैठक में समिति के स्थायी सदस्य प्रोफेसर शिव दत्त तिवारी की “प्राणवायु मुहिम” की सराहना की गई।

सदस्यों ने निर्णय लिया कि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी सदस्य अपने घर, मोहल्ले और कॉलोनियों में इसका प्रचार-प्रसार करेंगे।

सेवानिवृत्त राजअधिकारी श्री मदन सिंह बिष्ट ने नगर निगम से एक पार्क गोद लेकर उस पर औषधीय एवं उपयोगी पौधे विकसित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर समिति ने सहमति जताई। इस संबंध में नगर निगम से पत्राचार किया जाएगा।

बैठक में श्री मदन सिंह बिष्ट, श्री महेश चंद्र आर्य, श्री जीवन चंद्र डाला कोटी, श्री भास्करानंद लोहनी, श्री महिपाल सिंह भोज, श्री सत्य प्रकाश सुयाल, श्री रमेश चंद्र जोशी आदि को समिति की स्थायी सदस्यता प्रदान की गई। सदन ने करतल ध्वनि से उनका स्वागत किया।

बैठक के अंत में अध्यक्ष श्री इंदर सिंह निगल्टिया ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात राष्ट्रीय गान के साथ बैठक का समापन हुआ।

बैठक में श्री राजेंद्र सिंह ऐरी, श्री दया किशन बल्यूटिया, पी.एस. जंतवाल, रेव. एच.पी. जोसेफ, श्री दिनेश चंद्र पंतोला, श्री डी.के. पंत, श्री मोहन चंद्र बुडलाकोटी, श्री भैरव दत्त जोशी, श्री ए.डी. डोर्वी, श्री शंकर दत्त तिवारी, श्रीमती भगवती बिष्ट, श्रीमती सरोज तिवारी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


Spread the love