Spread the love

उफ्रैखाल महाविद्यालय में खुला उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र, अब गांव के पास मिलेगी उच्च शिक्षा

पौड़ी गढ़वाल। क्षेत्र के छात्रों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अब उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज भटकने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि राजकीय महाविद्यालय उफ्रैखाल (थलीसैंण) में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का शिक्षार्थी सहायता केंद्र (अध्ययन केंद्र) स्थापित कर दिया गया है।

इस महत्वपूर्ण पहल के तहत दोनों संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। महाविद्यालय की ओर से डॉ. सतीश चंद्र जोशी (असिस्टेंट प्रोफेसर) और विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट ने MoU पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान निदेशक क्षेत्रीय सेवाएं प्रो. गिरिजा प्रसाद पांडे, अतिरिक्त निदेशक प्रो. एम.एम. जोशी और प्रशासनिक अधिकारी पी.एस. परिहार भी मौजूद रहे।

नए अध्ययन केंद्र (कोड: 14055) के खुलने से अब स्थानीय विद्यार्थियों को स्नातक स्तर पर कला वर्ग के विभिन्न विषयों में पढ़ाई का मौका मिलेगा। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर हिंदी, इतिहास, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, शिक्षा शास्त्र और संस्कृत जैसे विषयों में भी प्रवेश लिया जा सकेगा। इसके अलावा यहां अल्पकालिक प्रमाणपत्र और डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।

कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने बताया कि छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.uou.ac.in के माध्यम से ऑनलाइन प्रवेश लेते समय केंद्र कोड 14055 का चयन कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love