नैनीताल में भूमाफियाओं पर बड़ा एक्शन: वन पंचायत जमीन पर अवैध सड़क ध्वस्त, सरपंच निलंबित
धारी/नैनीताल। पहाड़ी क्षेत्रों में भूमाफियाओं की बढ़ती गतिविधियों के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम मनाघेर स्थित वन पंचायत सुंदरखाल में सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध अतिक्रमण का प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया।
उपजिलाधिकारी धारी अंशुल भट्ट के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया कि कुछ बिल्डर्स द्वारा वन पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से सड़क निर्माण कराया जा रहा था। इस पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया और जमीन को कब्जामुक्त करा दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए वन पंचायत सुंदरखाल के सरपंच को वन पंचायत अधिनियम के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही राजस्व उपनिरीक्षक को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने संबंधित बिल्डर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश भी मौके पर ही जारी कर दिए।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार मनीषा बिष्ट, राजस्व निरीक्षक प्रवीण ह्यांकि, नारायण वर्मा, उपनिरीक्षक निर्मल बोरा और वन विभाग के पूरण मेलकानी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहाड़ों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले समय में भी ऐसे अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


