गदरपुर में जमीन विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, छोटे भाई ने बड़े भाई को गोली मारकर उतारा मौत के घाट
गदरपुर (ऊधमसिंह नगर)। उत्तराखंड के गदरपुर क्षेत्र के ग्राम बकैनिया में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद रविवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया, जब छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को गोली मार दी। इस हमले में गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय सर्वेश्वर सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सर्वेश्वर सिंह और उनके भाइयों के बीच काफी समय से करीब आधे एकड़ जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार रात कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान गुस्से में आकर छोटे भाई ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से सर्वेश्वर सिंह पर फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही सर्वेश्वर सिंह लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
एसएसपी अजय गणपति ने सोमवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
गदरपुर पुलिस ने फिलहाल दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हालांकि अभी तक मृतक पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। साथ ही, आरोपी के हथियार के लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


