हनुमान जन्मोत्सव पर रामनगर पहुंचे सीएम धामी, श्री हनुमान धाम में किए दर्शन-पूजन
भंडारे में की सहभागिता, प्रदेश की खुशहाली की कामना | धार्मिक पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर
रामनगर (नैनीताल), 2 अप्रैल 2026: श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनगर के छोई स्थित श्री हनुमान धाम पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया और भंडारा कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरा वातावरण भक्ति एवं आस्था से सराबोर रहा।

मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि हनुमान जन्मोत्सव जैसे पावन अवसर पर सभी के बीच उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बजरंगबली की कृपा के बिना कोई भी उनके दरबार तक नहीं पहुंच सकता। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए ईश्वर से सभी पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कई बार यहां आने का प्रयास किया, लेकिन कार्यक्रम नहीं बन पाया। इस बार अचानक कार्यक्रम तय हुआ और उन्हें दर्शन का अवसर मिला, जिसे उन्होंने बजरंगबली की कृपा बताया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर जैसे कार्यों ने देश की आस्था को नई पहचान दी है। साथ ही केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में भी व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे उत्तराखंड की पहचान और मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। राज्य में धार्मिक सौहार्द बनाए रखने और सख्त कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू होने का भी उल्लेख करते हुए इसे राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। केदारखंड और मानसखंड सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। शीतकालीन यात्रा भी जारी है और अब तक लगभग 1.60 लाख श्रद्धालु इसमें शामिल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में शीतकाल में भी पर्यटन और तीर्थाटन बढ़ रहा है, जो धार्मिक पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प अवश्य पूरा होगा। अंत में उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की।
इनकी रही उपस्थिति:
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, महापौर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ट्रस्ट पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


