पहचान छिपाकर नाबालिग से दरिंदगी: हरिद्वार में इंस्टाग्राम का ‘दोस्त’ निकला हैवान, गिरफ्तार
हरिद्वार (उत्तराखंड): ज्वालापुर क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर एक नाबालिग लड़की का यौन और मानसिक शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पहचान छिपाकर प्रेम जाल में फंसाने, दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगे हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ज्वालापुर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी (कक्षा 10वीं की छात्रा) की पहचान करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक से हुई थी। आरोप है कि युवक ने खुद को हिंदू बताकर लड़की से बातचीत शुरू की और उसका विश्वास जीत लिया।
यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज
परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपनी सफेद रंग की कार में स्कूल और घर के पास से ले जाता था। आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर जटवाड़ा पुल और नहर पटरी के पास कार के भीतर ही पीड़िता के साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता को युवक के दूसरे समुदाय के होने की जानकारी मिली। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोप है कि युवक ने उस पर धर्म परिवर्तन करने के लिए मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिया। डरी-सहमी नाबालिग ने अंततः अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
यह भी पढ़ें 👉 पिथौरागढ़ में सनसनीखेज वारदात: बेटे ने हथौड़े से पिता पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत
ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास सहित विभिन्न संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।





