विधायक पुत्र से सरकारी जमीन की धोखाधड़ी, पांच पर मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी में सरकारी भूमि की अवैध खरीद-फरोख्त का एक गंभीर मामला सामने आया है। कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत के पुत्र विकास भगत ने काठघरिया क्षेत्र के पांच भाइयों पर सरकारी जमीन को निजी बताकर बेचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, विकास भगत ने 30 मार्च 2012 को नंदपुर काठघरिया निवासी नवीन चंद्र, खीमानंद, मोहन चंद्र, कैलाश चंद्र और उमेश चंद्र से करीब 6691 वर्ग फुट जमीन खरीदी थी। वर्ष 2019 में उन्होंने यह जमीन आगे किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। बाद में खुलासा हुआ कि इस भूमि में सड़क और गूल (नहर) की सरकारी जमीन भी शामिल थी।
यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने गूल को क्षतिग्रस्त कर उसकी जमीन को अपने खेत में मिला लिया और फिर उसे निजी भूमि के रूप में बेच दिया। साथ ही, संबंधित जमीन में सिंचाई विभाग की भूमि भी शामिल पाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और सिंचाई विभाग ने कार्रवाई करते हुए उक्त भूमि को अपने कब्जे में ले लिया।
इस प्रकरण की जांच वर्ष 2020 में प्रशासनिक स्तर पर भी कराई गई थी, जिसमें गड़बड़ी की पुष्टि हुई थी। बताया जा रहा है कि बाद में क्रेता और विक्रेताओं के बीच वैकल्पिक भूमि देने पर सहमति बनी थी, लेकिन लंबे समय बीतने के बावजूद यह वादा पूरा नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें 👉 पिथौरागढ़ में सनसनीखेज वारदात: बेटे ने हथौड़े से पिता पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत
विकास भगत ने 19 जुलाई 2025 को मुखानी थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच के बाद पांचों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें





