Spread the love

भीमताल: सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए CDO के कड़े निर्देश

भीमताल। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अरविंद कुमार पांडे ने सोमवार को विकास भवन सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा की। उन्होंने जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का स्तर सुधारने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीडीओ ने खंड और उप-शिक्षा अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार स्कूलों का भ्रमण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि हर महीने कम से कम 15 ग्राम पंचायतों के स्कूलों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण किया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए कार्यों की निगरानी डिजिटल ऐप के माध्यम से की जाएगी। साथ ही, विद्यार्थियों के ग्रुप बनाए जाएंगे जिन्हें समय-समय पर अपडेट किया जाएगा ताकि उनकी पढ़ाई और गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए उनके छोटे प्रयासों की सराहना करना जरूरी है। उन्होंने स्कूलों में बच्चों के बैठने के लिए ‘फ्रंट-टू-बैक’ रोटेशन व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए ताकि हर बच्चे पर बराबर ध्यान दिया जा सके।

सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि निरीक्षण के दौरान मिड-डे मील (भोजन) की शुद्धता और पोषक तत्वों पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही शिक्षकों के व्यवहार का भी मूल्यांकन होगा ताकि बच्चों को स्कूल में अच्छा माहौल मिले।

जरूरतमंद और गरीब वर्ग के विद्यार्थियों की अलग से पहचान की जाएगी। ऐसे बच्चों को पढ़ाई में अतिरिक्त मदद और सहयोग दिया जाएगा ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से पीछे न छूटे।

बैठक में उपस्थिति इस समीक्षा बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल सहित जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारी और उप-शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

You missed