भीमताल: विकास योजनाओं की धरातलीय सच्चाई जानने के लिए गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे अधिकारी – सचिव दीपक कुमार
भीमताल। उत्तराखंड शासन के सचिव (संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन) श्री दीपक कुमार ने विकास भवन भीमताल में विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान सचिव ने स्पष्ट लहजे में कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर जाकर विकास योजनाओं की हकीकत परखें।
उन्होंने निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए, इसके लिए रोस्टर के अनुसार गांवों में रात्रि विश्राम करना अनिवार्य है। सचिव ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के त्वरित निस्तारण, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का रैंडम वेरिफिकेशन और सड़कों को पूरी तरह गड्ढा मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया।
यह भी पढ़ें 👉 बेमिसाल प्रेम कहानी:: सतना जेल की महिला अधिकारी ने उम्रकैद के सजायाफ्ता रहे धर्मेंद्र से रचाया विवाह
बैठक में महिला सशक्तिकरण की दिशा में लखपति दीदी समूहों की छंटनी और अन्य समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। सिंचाई, जल जीवन मिशन और पीएम आवास योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का भौतिक सत्यापन करने के साथ ही सचिव ने स्वास्थ्य सेवाओं और विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें 👉जब खुद ‘जासूस’ बन गए जिलाधिकारी: सिगरेट पीते बच्चों को देख पिघला डीएम का दिल
कृषि और उद्यान विभाग को ओलावृष्टि से हुए नुकसान का बीमा लाभ किसानों को दिलाने तथा नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत सख्त कदम उठाने को कहा गया। साथ ही, द्वितीय राजभाषा संस्कृत के सम्मान में सभी सरकारी कार्यालयों के बोर्ड और पदनाम पट्टिकाएं संस्कृत भाषा में भी लिखने के कड़े निर्देश दिए गए। इस समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल सहित जनपद के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





