देवभूमि जन हुंकार, रामनगर/नैनीताल (09 अगस्त 2026): उत्तराखंड सरकार द्वारा राज्य में गोकशी और गौतस्करी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना रामनगर पुलिस ने गोकशी करने वाले एक बड़े संगठित सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
05 अगस्त को स्लाटर हाउस से मिला था 120 किलो गौमांस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिनांक 05 अगस्त 2026 को उप-निरीक्षक बीरेन्द्र बिष्ट द्वारा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बड़ी मस्जिद के पास स्थित एक स्लाटर हाउस में छापेमारी की गई थी। मौके से लगभग 120 किलोग्राम प्रतिबंधित गौमांस और मांस काटने के भारी औजार बरामद हुए थे। हालांकि पुलिस टीम को आते देख मौके पर मौजूद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
बरामदगी के आधार पर थाना रामनगर में एफआईआर संख्या 247/2026, धारा 3/5/11 उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से मालधन रोड पर दबोचे गए तस्कर
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा तस्करों की तत्काल गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसके अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक रामनगर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के अलावा मैनुअल व सर्विलांस तकनीक की मदद ली गई।
पुलिस टीम की कड़ी मशक्कत के रंग लाने पर आज 09 अगस्त 2026 को घटना में शामिल दो तस्करों को पंजाबी कब्रिस्तान पुलिया के पास मालधन रोड, रामनगर से गिरफ्तार कर लिया गया:
-
फैजी पुत्र रियासत अली, उम्र 21 वर्ष (निवासी मीट मार्केट के पास, ब्लॉक रोड, खताड़ी, रामनगर)।
-
अयान पुत्र नदीम, उम्र 24 वर्ष (निवासी मीट मार्केट के पास, ब्लॉक रोड, खताड़ी, रामनगर)।
02 फरार अभियुक्तों व गौवंश सप्लायर पर भी शिकंजा
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस प्रकरण में 02 अन्य अभियुक्त अभी वांछित और फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
इसके अतिरिक्त, शुरुआती जांच में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि इस गैंग को अवैध रूप से गौवंश उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर की पहचान कर उसे भी मुकदमे में नामजद कर लिया गया है। सप्लायर को सलाखों के पीछे भेजने के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। रामनगर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गोकशी और गौतस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें

