हल्द्वानी में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का बड़ा प्रदर्शन। तिकोनिया पार्क में आयोजित धरने में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा और जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने साधा निशाना।

देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी (नैनीताल): उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पार्टी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ आर-पार का मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में आज हल्द्वानी में जिला नैनीताल भाजपा अध्यक्ष प्रताप बिष्ट के नेतृत्व में स्वर्गीय हरी प्रसाद टम्टा पार्क (PWD कार्यालय तिकोनिया के पास) एक विशाल ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’ आयोजित किया गया। इस धरने में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री से लेकर जिले के तमाम विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी भारी संख्या में मौजूद रहे।
कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों और नीतियों के विरोध में आयोजित इस धरने को ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’ का नाम दिया गया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर उत्तराखंड में जातिवादी मानसिकता को बढ़ावा देने, दलितों का अपमान करने और प्रदेश की शांतिपूर्ण छवि को बदनाम करने का गंभीर आरोप लगाया।
धरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता हाथों में कांग्रेस के खिलाफ नारे लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे थे और उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह भी पढ़ें ‘भाई के हत्यारों से बदला लेने हरिद्वार आया था बदमाश, पुलिस ने ऐसे धर दबोचा!’ बड़ी खबर
धरने को संबोधित करते हुए उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कड़े शब्दों में कहा कि उत्तराखंड वीर शहीदों की जननी और देवभूमि के रूप में देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है। ऐसे में प्रदेश के सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को प्रभावित करने वाली किसी भी राजनीतिक बयानबाजी का पार्टी पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी की ओर से की जा रही बयानबाजी के माध्यम से उत्तराखंड की शांत और सौहार्दपूर्ण सामाजिक व्यवस्था में जातिवादी मानसिकता का जहर घोला जा रहा है।
नैनीताल जिला भाजपा अध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पूरे देश और प्रदेश में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को कमजोर करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है और आगामी विधानसभा चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए झूठे नैरेटिव गढ़ रही है। भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर समाज में वैमनस्य फैलाने और धार्मिक व सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया।
इस धरना प्रदर्शन में भाजपा के तमाम शीर्ष और स्थानीय नेता अपनी उपस्थिति दर्ज कराते नजर आए। इस दौरान प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा,कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत,नैनीताल विधायिका सरिता आर्य,हल्द्वानी महापौर गजराज बिष्ट,पूर्व महापौर जोगिंदर रौतेला,प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट,प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी, दर्जा राज्य मंत्री शांति महरा, हरीश पांडेय, शंकर कोरंगा, सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनौटी, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, प्रतिभा जोशी, जिला अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रविंद्र बाली, मंडलों के अध्यक्ष नीरज बिष्ट, सुरेश गौर सहित सभी मोर्चों के अध्यक्ष, कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
धरने के माध्यम से कांग्रेस से राजनीतिक बयानबाजी में संयम बरतने और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने की अपील की गई। भाजपा नेताओं ने संकल्प लिया कि देवभूमि उत्तराखंड की सामाजिक एकता, भाईचारे और सम्मान की रक्षा के लिए पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी, और प्रदेश की जनता जाति और वर्ग के आधार पर समाज को बांटने की कांग्रेस की राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




