सरकारी विज्ञापन
ATM Card Swap Fraud Investigation and CCTV Check in Lalkuan Nainital
Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, लालकुआं / नैनीताल: लालकुआं नगर में एटीएम से रुपये निकालने पहुंची एक युवती को मदद का झांसा देकर दो शातिर बदमाशों ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये उड़ा लिए। स्वरोजगार शुरू करने के लिए गोल्ड लोन लेने वाली युवती के साथ हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़िता ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉लखनऊ में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा: पत्नी और प्रेमी सिपाही ने रची थी बैंक मैनेजर को मरवाने की साजिश, 5 गिरफ्तार

मदद का झांसा देकर कार्ड बदला, 1 लाख 15 हजार रुपये निकलने का आया मैसेज

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर के तिवारी नगर वार्ड नंबर छह निवासी मेंहजबीं शनिवार सुबह करीब 11 बजे नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में रुपये निकालने पहुंची थीं। बताया जाता है कि एटीएम में तकनीकी खराबी के चलते काफी प्रयासों के बावजूद उनके रुपये नहीं निकल पाए। इसी दौरान एटीएम के पास खड़े एक युवक ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए उनकी मदद करने की पेशकश की।

युवती उसके झांसे में आ गई और मदद के लिए अपना एटीएम कार्ड उसे दे दिया। आरोप है कि युवक ने चालाकी से युवती का कार्ड बदल दिया और कुछ देर तक मदद करने का नाटक करता रहा, जिसके बाद वह अपने दूसरे साथी के साथ वहां से फरार हो गया। कुछ ही देर बाद युवती के मोबाइल पर खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया।

यह भी पढ़ें 👉“शादी की रस्मों के बीच मच गया हड़कंप”: कालाढूंगी से बारात लेकर पहुंचे दूल्हे पर दहेज मांगने का आरोप

स्वरोजगार के लिए लिया था 1.80 लाख का गोल्ड लोन, कोतवाली में दी तहरीर

मैसेज आने के बाद पीड़िता ने आनन-फानन में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक को इसकी जानकारी दी और बाद में परिजनों के साथ लालकुआं कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पीड़िता मेंहजबीं ने बताया कि उसने स्वरोजगार शुरू करने के उद्देश्य से बैंक से 1 लाख 80 हजार रुपये का गोल्ड लोन लिया था और इसी रकम में से कुछ पैसे निकालने एटीएम पहुंची थी। उसने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।

यह भी पढ़ें 👉“1.80 करोड़ के लोन के बदले मांगी गई थी 9 लाख रुपये की रिश्वत”: 50 हजार नकद लेते ही CBI की एंटी करप्शन ब्रांच ने दबोचा एजेंट

सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद तलाश जारी

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि बैंक के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love

By admin