देवभूमि जन हुंकार, देहरादून / हरिद्वार / उत्तराखंड: अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर विवाद गहरा गया है। अंकिता की निजी वॉट्सऐप चैट सार्वजनिक करने के आरोप में मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। बुधवार शाम देहरादून के राजपुर थाने में अंकिता के माता-पिता की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई। अब मामले को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए हरिद्वार स्थानांतरित किया जाएगा।
अंकिता के माता-पिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता ने अंकिता की निजी वॉट्सऐप चैट सार्वजनिक कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। परिवार का कहना है कि इस तरह निजी बातचीत को सार्वजनिक करना अंकिता की स्मृति और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। परिवार की शिकायत के आधार पर राजपुर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है और अब आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामला हरिद्वार स्थानांतरित किया जाएगा।
15 नवंबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस, गांधी पार्क धरना और नई मांगें
गौरतलब है कि 15 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विनोद आर्य ने अंकिता की कथित 4,000 से अधिक पन्नों की चैट मीडिया के सामने रखी थी और दावा किया था कि अंकिता की मौत आत्महत्या थी। विनोद आर्य के इस दावे और निजी चैट सार्वजनिक किए जाने पर अंकिता का परिवार लगातार विरोध जता रहा है तथा परिजनों ने इसे अंकिता के चरित्र को लेकर सवाल खड़े करने और छवि खराब करने की कोशिश बताया है।
इससे पहले अंकिता के माता-पिता अपनी मांगों को लेकर देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठे थे, जहां पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने पहुंचकर परिवार को समर्थन दिया था। परिवार ने एक बार फिर अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी एंगल की सीबीआई जांच कराने की मांग दोहराई है, साथ ही दुष्यंत कुमार गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति रोकने की मांग भी उठाई गई है।
यह भी पढ़ें:दहेज के लिए विवाहिता पर अत्याचार का आरोप, धारदार हथियार से हमला कर किया लहूलुहान!
प्रकरण से जुड़े N.C.R.B (I.I.F.-I) प्रपत्र में भी 22/11/2026 के प्रार्थना पत्र के आधार पर विनोद आर्य व अधिवक्ता अनुज पुंडीर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत एफआईआर दर्ज करने की प्रार्थना, सत्र परीक्षण संख्या 01/2023 (30 मई 2025 के दोषसिद्धि निर्णय व उच्च न्यायालय में विचाराधीन अपील) के संदर्भ तथा 25.11.2026 को थाना राजपुर, देहरादून के का0 17.32 ना0पु0 मोहन सिंह राणा द्वारा नकल तहरीर के संगणक टाइप होने के प्रमाणन का विवरण दर्ज है.
जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच पर नजर रहेगी, जिससे प्रदेश में एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


