खौफनाक मर्डर मिस्ट्री: आगरा में शराब की लत से तंग आकर पत्नी बनी कातिल, बाथरूम से निकला पति का कंकाल; ऐसे खुला राज
आगरा (सिकंदरा): उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा से ‘दृश्यम’ फिल्म जैसी बेहद खौफनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली मर्डर मिस्ट्री सामने आई है। यहाँ थाना सिकंदरा के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में एक पत्नी ने घरेलू कलह और आए दिन के झगड़ों से तंग आकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को छुपाने के लिए शातिर महिला ने पति की लाश को घर के ही बाथरूम में गड्ढा खोदकर दफना दिया और ऊपर से मिस्त्री बुलाकर पक्का फर्श बनवा दिया।
रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि हत्या की इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी उसी घर में सामान्य रूप से रह रही थी। जिस बाथरूम के फर्श के दो फीट नीचे उसके पति की लाश दफन थी, वह महिला रोज उसी बाथरूम में जाकर नहाती भी थी। जब भी आस-पड़ोस के लोग या रिश्तेदार पति के बारे में पूछते, तो वह रोने और परेशान होने का झूठा नाटक करने लगती थी। पेंशन के रुपयों के विवाद के बाद इस पूरे मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ, जिसके बाद डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
खीर में दीं नींद की 20 गोलियां, फर्श खोदकर ठिकाने लगाया शव
पुलिस की कड़ी पूछताछ में सामने आया कि मृतक सुरेंद्र को नींद की गोलियां खाने की आदत थी। इसी का फायदा उठाकर उसकी पत्नी रूबी ने बीती 18 मई को एक सोची-समझी साजिश के तहत स्वादिष्ट खीर बनाई और उसमें नींद की करीब 16 से 20 गोलियां पीसकर मिला दीं। खीर खाते ही सुरेंद्र अचेत हो गया और अत्यधिक ओवरडोज के कारण उसकी मौत हो गई।
पति की धड़कनें रुकने के बाद रूबी ने शव को घसीटा और घर के भीतर बने बाथरूम में ले गई। चूंकि बाथरूम का फर्श कमरे के मुकाबले दो से तीन फीट नीचे की तरफ था, इसलिए उसने वहां इंडियन टॉयलेट सीट के पास की जमीन को थोड़ा और खोदा। रूबी ने शव को उसी गड्ढे में डाल दिया और बाजार से चुपके से मिट्टी व गिट्टी मंगवाकर गड्ढे को भर दिया। बाद में उसने एक राजमिस्त्री को बुलाकर ऊपर से पक्का सीमेंटेड फर्श डलवा दिया ताकि किसी को भी जमीन खुदी होने का शक न हो।
₹32,000 की पेंशन और बैंक स्टेटमेंट से खुला खौफनाक राज
इस पूरे हत्याकांड का खुलासा मृतक के बड़े भाई अनिल (निवासी वायु विहार, शाहगंज) की सूझबूझ से हुआ। दरअसल, सुरेंद्र की मां कमला को उनके दिवंगत पति (जो इंटर कॉलेज में प्रवक्ता थे) की ₹32,000 की सरकारी पेंशन मिलती थी। इस पेंशन का एटीएम डेबिट कार्ड और पासबुक आरोपी रूबी अपने ही पास रखती थी और हर महीने जेठ अनिल को ₹10,000 देती थी। लेकिन जून के महीने में रूबी ने अनिल को पैसे नहीं दिए और बहाना बनाया कि इस बार पेंशन खाते में नहीं आई है।
शक होने पर जेठ अनिल अपनी मां को लेकर राजस्थान के भरतपुर स्थित बैंक शाखा पहुंचे। जब वहां बैंक स्टेटमेंट निकलवाया गया, तो पता चला कि पेंशन की रकम तो काफी पहले ही खाते में आ चुकी है और उसे निकाला भी जा चुका है। गुरुवार को जब अनिल ने आगरा लौटकर रूबी से पैसों का हिसाब मांगा और भाई सुरेंद्र के बारे में कड़ाई से पूछा, तो वह चुप हो गई।
यह भी पढ़ें 👉 सुहाग की ‘गुप्त सेटिंग’ का पत्नी ने कर दिया भंडाफोड़; बच्चों के साथ मिलकर पति और दूसरी महिला को सिखाया ऐसा सबक कि पहुंच गए थाने! 👇
“भाई बाथरूम में हैं, आकर बात कर लो…” और उड़ गए होश
शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे आरोपी रूबी ने खुद अपने जेठ अनिल को फोन करके घर बुलाया और कहा कि “आपके भाई घर पर ही हैं, आकर बात कर लो।” जब अनिल बदहवास होकर रेणुका धाम कॉलोनी स्थित घर पहुंचे और भाई के बारे में पूछा, तो रूबी ने ठंडे दिमाग से इशारा करते हुए कहा कि “वह बाथरूम में हैं।”
अनिल ने जब दौड़कर बाथरूम के भीतर देखा, तो वहां कोई मौजूद नहीं था। इस पर रूबी ने बेहद क्रूरता से कहा कि “वह फर्श के दो फीट नीचे दफन हैं।” यह सुनते ही अनिल के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने तुरंत सिकंदरा थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बाथरूम का पक्का फर्श तुड़वाया, तो नीचे से सुरेंद्र का सड़ चुका शव बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें 👉 पिता जिसे छोड़ गए थे स्कूल, वह मां के लाखों के जेवरात और नकदी लेकर किशोर संग हुई फरार; युवा पीढ़ी का यह भटकाव क्यों?
शराब का आदी था पति, कपड़े सिलकर घर चलाती थी पत्नी
सुरेंद्र की मौत और रूबी की इस खौफनाक करतूत को सुनकर आस-पड़ोस के लोग भी दंग हैं। पड़ोसियों ने बताया कि सुरेंद्र अत्यधिक शराब पीने का आदी था, जिसके कारण उसकी डिलीवरी बॉय की नौकरी भी छूट गई थी। घर का खर्च चलाने के लिए रूबी दिन-रात कपड़े सिलने का काम करती थी। लेकिन सुरेंद्र रूबी की सिलाई की कमाई को भी मारपीट करके छीन लेता था और शराब में उड़ा देता था।
स्थानीय लोगों ने कई बार दोनों के बीच बीच-बचाव और समझौता कराने का प्रयास किया था, लेकिन सुरेंद्र का व्यवहार नहीं बदला। पुलिस को अंदेशा है कि इतनी बड़ी वारदात और शव को दफनाने के काम में रूबी के साथ कोई और बाहरी व्यक्ति भी शामिल हो सकता है, क्योंकि एक अकेली महिला के लिए फर्श खोदना और शव को पूरी तरह ठिकाने लगाना आसान नहीं है। पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है।
👉देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें





