देवभूमि जन हुंकार, रुद्रपुर/उधम सिंह नगर (13 अगस्त 2026): उधम सिंह नगर जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधियों पर नकेल कसने के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति के कुशल निर्देशन में रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने रुद्रपुर के मलसी क्षेत्र में हुई डकैती की सनसनीखेज वारदात का त्वरित पर्दाफाश करते हुए उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से डकैती की ₹1.26 लाख की शत-प्रतिशत धनराशि बरामद कर ली गई है।
विनीत पाठक के घर हुई थी डकैती, बीएनएस में दर्ज हुआ था केस
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 08.08.2026 की रात्रि रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मलसी में डकैती की वारदात घटित हुई थी। घटना के संबंध में पीड़ित वादी विनीत पाठक (निवासी ग्राम मलसी, रुद्रपुर) की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मु0अ0सं0 414/2026, धारा 310(2), 115(2) तथा 351(2) बीएनएस (BNS) के तहत मामला पंजीकृत किया गया था।
एसएसपी के निर्देश पर 4 संयुक्त टीमों का गठन, सीसीटीवी से मिला सुराग
घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति द्वारा तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर घटना का शीघ्र और शत-प्रतिशत अनावरण करने के सख्त निर्देश दिए गए। निर्देशों के क्रम में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस एवं एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त रूप से 04 विशेष टीमों का गठन किया गया।
गठित टीमों द्वारा घटनास्थल और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से अवलोकन करते हुए महत्वपूर्ण सुराग एकत्र किए गए। सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने एक बाल अपचारी को साथ लेकर ग्राम पसियापुर, थाना विलासपुर, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) पहुंचकर ताबड़तोड़ दबिश दी, जहां से डकैती की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्यों को धर दबोचा गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों का विवरण निम्नवत है:
-
प्रिंस उर्फ प्रिंसदीप सिंह पुत्र हरपाल सिंह (निवासी ग्राम पसियापुर आगनबाड़ी, पोस्ट नवाबगंज, थाना विलासपुर, जनपद रामपुर, उ.प्र., उम्र 19 वर्ष)
-
हरपाल सिंह पुत्र स्वर्गीय गुरनाम सिंह (निवासी ग्राम पसियापुर आगनबाड़ी, पोस्ट नवाबगंज, थाना विलासपुर, जनपद रामपुर, उ.प्र., उम्र 48 वर्ष)
-
हरजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय बलवीर सिंह (निवासी ग्राम पाण्डेय निवाड़, RTO रोड टैगौर)
-
सतपाल सिंह पुत्र जग्गीर सिंह (निवासी ग्राम कोपा किरपाली, गूलरभोज, थाना गदरपुर, उम्र 28 वर्ष)
-
एक बाल अपचारी
बरामदगी का ब्योरा
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर डकैती की ₹1,26,000/- (एक लाख छब्बीस हजार रुपये) की पूरी नगद धनराशि बरामद की गई है। रुद्रपुर पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें

