DEO Harendra Kumar Mishra Inspecting Kashipur Primary Schoolकाशीपुर में विद्यालयों का औचक निरीक्षण करते जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) हरेंद्र कुमार मिश्रा।
Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, काशीपुर/रुद्रपुर (02 अगस्त 2026): ऊधमसिंहनगर जिले के काशीपुर विकासखंड में प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था की ज़मीनी हकीकत जानने निकले जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) हरेंद्र कुमार मिश्रा के औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर लापरवाही का पर्दाफाश हुआ है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैगा में शैक्षणिक स्तर बेहद चिंताजनक मिलने और प्रशासनिक अनियमितताओं पर डीईओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही दो विद्यालयों के अन्य शिक्षकों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है।

 यह भी पढ़ें 👉 उत्तराखंड को केंद्र से मिली ₹1244 करोड़ की बड़ी किश्त! जानिए किन विकास योजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार

80 प्रतिशत छात्र नहीं पढ़ पाए हिंदी, बंद मिला पुस्तकालय

जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) हरेंद्र कुमार मिश्रा ने काशीपुर ब्लॉक के चार विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैगा और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पैगा में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

जांच में प्राथमिक विद्यालय का पुस्तकालय लंबे समय से ताले में बंद मिला और उसकी पंजिका भी उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। शिक्षकों को विभागीय समर कैंप कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं थी, जबकि मध्याह्न भोजन (MDM) योजना से संबंधित पंजिकाओं में भी भारी गड़बड़ियां दर्ज पाई गईं।

सबसे खराब स्थिति बच्चों के सीखने के स्तर में देखने को मिली। कक्षा 3 से 5 तक के लगभग 80 प्रतिशत छात्र सामान्य हिंदी की किताबें पढ़ने में भी पूरी तरह असमर्थ पाए गए। दोनों स्कूलों में साफ-सफाई की व्यवस्था भी अत्यंत दयनीय स्थिति में मिली।

 यह भी पढ़ें 👉 Haldwani News: बुजुर्ग महिला से सोने का कुंडल झपटने वाले 02 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार; SOG व मुखानी पुलिस ने रिलायंस मॉल के पीछे से दबोचा, कुंडल बरामद

3 महीने का अल्टीमेटम, सुधार पर ही मिलेगा रोका गया वेतन

प्रकरण की संवेदनशीलता और लापरवाही को देखते हुए डीईओ हरेंद्र कुमार मिश्रा ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैगा के तत्कालीन प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अतिरिक्त दोनों विद्यालयों के अन्य शिक्षकों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए हैं।

डीईओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा:

“तीन माह के भीतर दोनों विद्यालयों का पुनः औचक निरीक्षण किया जाएगा। यदि इस अवधि में पठन-पाठन और व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार दिखाई देगा, तभी शिक्षकों का रोका गया वेतन जारी किया जाएगा। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”

यह भी पढ़ें 👉 प्रधानाध्यापक से सीधे सहायक अध्यापक! शिक्षा विभाग ने दोषी शिक्षक को डिमोट कर ठोंका ₹1.89 लाख का जुर्माना

फसियापुरा में मिलीं अच्छी व्यवस्थाएं, प्राइवेट स्कूल पर भी एक्शन

निरीक्षण के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय फसियापुरा में स्थितियां इसके विपरीत पाई गईं। वहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं और पठन-पाठन का कार्य नियमित रूप से संचालित होता पाया गया।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबे समय से लंबित शिकायतों का संज्ञान लेते हुए डीईओ ने ‘स्ट्रैटन वर्ल्ड अकादमी’ काशीपुर का भी औचक निरीक्षण किया। स्कूल प्रबंधन द्वारा शिकायतों का जवाब न देने पर डीईओ ने प्रबंधन से सीधी वार्ता की और सभी लंबित शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया।

#KashipurNews #EducationDepartment #UttarakhandNews #DevbhoomiJanHunkar #USNagarNews #TeacherSuspended #BreakingNews #HarendraKumarMishra


Spread the love