देवभूमि जन हुंकार, हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में पुलिस ने अपनी उत्कृष्ट दक्षता और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक अंधे कत्ल (ब्लाइंड मर्डर) की गुत्थी को सुलझाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने दूधियाबंद जंगल में मिले अज्ञात शव के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल कातिल पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि अवैध संबंधों, ब्लैकमेलिंग और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी से तंग आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया था।
प्राप्त विवरण के अनुसार, दिनांक 17 सितंबर 2026 की सुबह सिटी हरिद्वार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। मृतक के पास बिजनौर की बस के टिकट के अलावा शिनाख्त का कोई अन्य दस्तावेज न होने के कारण पुलिस के लिए यह एक ब्लाइंड मर्डर केस बन गया था।
पुलिस टीमों ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जनपदों में संपर्क कर शिनाख्त के प्रयास किए। इसी बीच, दिनांक 20 सितंबर 2026 को हरिद्वार पहुंचे मृतक के परिजनों ने शव की शिनाख्त गोपाल पुत्र उमा चरण, निवासी नई बस्ती (निकट आबकारी चौकी), बिजनौर, उत्तर प्रदेश (उम्र 50 वर्ष) के रूप में की। मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर कोतवाली नगर हरिद्वार में मु0अ0सं0 523/2026 अंतर्गत धारा 103(1), 3(5) BNS के तहत अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में हुआ हैरान करने वाला और खौफनाक खुलासा
हत्या की इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी पुलिस टीम ने प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आज दिनांक 21 सितंबर 2026 को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से एक दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने सबको झकझोर कर रख दिया:
-
अवैध संबंधों की शुरुआत: इसी वर्ष फेफड़ों में पानी भरने की वजह से आरोपी नरेन्द्र का इलाज मेरठ के एक अस्पताल में चल रहा था। इसी दौरान अस्पताल में संपर्क में आए मृतक गोपाल ने किसी तरह नरेन्द्र की पत्नी का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और बातचीत शुरू कर दी।
-
ब्लैकमेलिंग और धमकी: अच्छी जान पहचान और पैसों की मदद के बाद दोनों के बीच संबंध बन गए। इसके बाद मृतक लगातार महिला पर अपना परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बनाने लगा, लेकिन बच्चों से लगाव के कारण महिला लगातार मना कर रही थी। रक्षाबंधन के दौरान जब महिला अपने प्रेमी से मिलने बिजनौर पहुंची, तो पति ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और विवाद बहुत बढ़ गया।
-
हत्या की साजिश: मृतक लगातार कॉल कर साथ चलने का दबाव बनाने के साथ-साथ अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दे रहा था। इस प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने अपने पति नरेन्द्र को पूरी बात बता दी। परेशानी से हमेशा के लिए छुटकारे के लिए पति ने अपनी पत्नी, अपने भाई के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और अपने ही गांव के एक अन्य व्यक्ति को 50,000 रुपये की सुपारी देकर साथ मिला लिया।
गंगा घाट पर दी गई दर्दनाक मौत
योजना के मुताबिक दिनांक 16 सितंबर 2026 को महिला ने मृतक गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। रात के वक्त महिला मृतक को गंगा घाट पर लेकर गई। जब गोपाल शराब पीने और खाना खाने के बाद गंगा घाट पर सो गया, तो वहां पहले से ही छिपकर बैठे आरोपी पति नरेन्द्र और उसके सहयोगियों ने लोहे के चापड़ और छूरी से ताबड़तोड़ वार कर गोपाल की निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और पर्स निकालकर बड़ी गंगा में फेंक दिया और अपने घर फरार हो गए।
पकड़े गए आरोपी और बरामदगी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित आरोपियों को दबोच लिया है:
-
नरेन्द्र पुत्र ओम प्रकाश, निवासी— ग्राम मोमिनपुर दर्गो भारेरा, कोतवाली बिजनौर, जनपद बिजनौर (उ.प्र.), उम्र 40 वर्ष।
-
नरेन्द्र की पत्नी, निवासी उपरोक्त, उम्र 36 वर्ष।
-
बरामदगी: पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लोहे का चापड़ सकुशल बरामद कर लिया है।
हरिद्वार पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में फरार चल रहे 02 अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




