हल्द्वानी: शादी समारोह में खूनी संघर्ष! पानी पीने को लेकर विवाद, चाकूबाजी और लूटपाट से मचा हड़कंप
हल्द्वानी (गौलापार): गौलापार क्षेत्र में रविवार रात एक विवाह समारोह उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया जब डीजे संचालक और स्थानीय युवकों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यह विवाद इतना बढ़ा कि इसमें चाकूबाजी और लूटपाट तक की नौबत आ गई, जिससे शादी में आए मेहमानों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
देवला मल्ला निवासी उमेश चंद्र टम्टा ने काठगोदाम पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई शुभम का कुछ युवकों के साथ पानी पीने को लेकर मामूली विवाद हुआ था। आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवकों ने जातिगत टिप्पणी करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उमेश पर हमलावरों ने चाकू से वार कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर उनकी सोने की चैन और जेब में रखे करीब 50 हजार रुपये भी लूट कर ले गए।
यह भी पढ़ें 👉 बेमिसाल प्रेम कहानी:: सतना जेल की महिला अधिकारी ने उम्रकैद के सजायाफ्ता रहे धर्मेंद्र से रचाया विवाह
घटना के विरोध में सोमवार सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं काठगोदाम थाने पहुंची और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें 👉जब खुद ‘जासूस’ बन गए जिलाधिकारी: सिगरेट पीते बच्चों को देख पिघला डीएम का दिल
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से पुष्पा देवी ने भी पुलिस को तहरीर सौंपी है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीजे संचालक के समर्थकों ने उनके घर में घुसकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की, जिसमें उन्हें और अन्य परिजनों को चोटें आई हैं। काठगोदाम पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया है और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर गहन जांच शुरू कर दी है।





