Spread the love

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम कॉलेज में हादसा, इंजीनियर व कारपेंटर की मौत

सेप्टिक टैंक में उतरे युवक जहरीली गैस के शिकार, मौके पर अफरातफरी, परिवारों में मातम

चंपावत। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल परिसर में रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन भवन के सेप्टिक टैंक की शटरिंग खोलने उतरे साइट इंजीनियर और कारपेंटर जहरीली गैस की चपेट में आ गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सूचना के मुताबिक कार्यदायी संस्था अग्रवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार को साइट इंजीनियर शिवराज चौहान (28 वर्ष) निवासी ग्राम चगेटी, भनोली और कारपेंटर हसन (24 वर्ष) निवासी नौगवां बीसलपुर, पीलीभीत सेप्टिक टैंक की शटरिंग हटाने के लिए उतरे थे। इस दौरान टैंक के अंदर पहले से बनी जहरीली गैस के संपर्क में आते ही दोनों बेहोश होकर गिर पड़े।

हादसे की खबर मिलते ही सीओ वंदना वर्मा, कोतवाल चेतन रावत, पुलिस बल, फायर सर्विस, एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी प्रयासों के बाद दोनों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टर मानवेंद्र शुक्ला ने मृत घोषित कर दिया।

साथी मजदूरों के अनुसार सेप्टिक टैंक का निर्माण करीब पांच माह पहले पूरा हो चुका था। टैंक के तीन चैंबर बारिश के कारण अब तक बंद पड़े थे। रविवार को पहला चैंबर खोलने के बाद दोनों दूसरे चैंबर में उतरे और हादसे का शिकार हो गए।

मृतक इंजीनियर शिवराज परिवार का इकलौता बेटा था। वहीं, हसन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे की खबर से दोनों परिवारों और गांव में कोहराम मच गया।


Spread the love

You missed