सरकारी विज्ञापन
Fri. Oct 9th, 2026
Spread the love

बागेश्वर में मनाई गई नेहरू जी की पुण्यतिथि, कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि

संवाददाता सीमा खेतवाल

बागेश्वर। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर आज मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नगर स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पण के साथ हुई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेहरू जी के योगदान को याद करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माता बताया। जिलाध्यक्ष डसीला ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित नेहरू केवल भारत ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर के एक महान और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखी और लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता व वैज्ञानिक सोच को देश में मजबूत किया।

नेहरू जी के विचारों और उनकी नीतियों को आज के संदर्भ में प्रासंगिक बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और प्रगति में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता गीता रावल, ललित गोस्वामी, नवीन साह, पंकज कुमार, हरीश त्रिकोटी, पंकज पपोला, प्रेम दानू, नीरज जोशी और राजेंद्र परिहार सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से पंडित नेहरू को नमन करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और “नेहरू अमर रहें” के नारों के साथ किया गया।


Spread the love