Spread the love

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का निधन, प्रदेश में शोक की लहर

देहरादून, 19 मई 2026। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी (सेवानिवृत्त) का मंगलवार को देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और पिछले कुछ समय से अस्पताल में भर्ती थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने सुबह करीब 11:15 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।

मेजर जनरल खंडूरी उत्तराखंड की राजनीति का एक बड़ा और सम्मानित चेहरा रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2007 से 2009 और फिर 2011 से 2012 तक दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की कमान संभाली। अपने सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, ईमानदार छवि और अनुशासित कार्यशैली के लिए वे जनता के बीच काफी लोकप्रिय रहे।

सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल हुए। वे गढ़वाल लोकसभा सीट से कई बार सांसद भी चुने गए और 16वीं लोकसभा में भी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उनके कार्यकाल में सड़क, आधारभूत ढांचे और सुशासन को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल की गईं।

उनकी बेटी ऋतु भूषण खंडूड़ी वर्तमान में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। मेजर जनरल खंडूरी के निधन पर राजनीतिक, सामाजिक और सैन्य क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विभिन्न दलों के नेताओं और हजारों समर्थकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रदेशभर में उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।


Spread the love