नैनीताल में ‘वोकल फॉर लोकल’ को नई उड़ान: सीडीओ की पहल पर SHG उत्पादों का बाजार से सीधा जुड़ाव
रामनगर (नैनीताल): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “आत्मनिर्भर उत्तराखंड” और “लोकल फॉर ग्लोबल” के विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में नैनीताल जिला प्रशासन ने एक बड़ी पहल की है। गुरुवार को रामनगर स्थित अनंतम रिसोर्ट में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत भव्य “वोकल फॉर लोकल मीट” (Buyer-Seller Meet) का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अरविंद कुमार पांडेय की विशेष पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बड़े होटलों और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है।

इस प्रदर्शनी सह बैठक में रामनगर, कोटाबाग, हल्द्वानी, धारी और भीमताल ब्लॉक के स्वयं सहायता समूहों (SHG) द्वारा 12 आकर्षक स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला, पिछौड़ा, रेशम पेंटिंग और जूट बैग से लेकर स्थानीय जैविक उत्पादों जैसे मोरिंगा अचार, ऑर्गेनिक दालें, मल्टीग्रेन आटा, पहाड़ी मसाले, शहद और ब्लैक पॉटरी का शानदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में रखे गए उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता ने वहां मौजूद अतिथियों और होटल व्यवसायियों को खासा प्रभावित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरि मान और ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने होटल व्यवसायियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों और रिजॉर्ट्स में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि यदि ये उत्पाद पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराए जाते हैं, तो इससे न केवल उत्तराखंड की संस्कृति का प्रचार होगा, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को भी मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में महिला उद्यमियों और होटल एसोसिएशन के बीच उत्पादों के स्थायी विपणन (Tie-up) को लेकर सकारात्मक सहमति भी बनी।
यह भी पढ़ें 👉पिथौरागढ़: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मामूली विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की पत्नी की हत्या
आयोजन के दौरान उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, सहायक परियोजना निदेशक और होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों की आपूर्ति और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस पहल को मुख्यमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है, जिससे स्थानीय हुनर को अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।





