रामनगर कानिया में बारूद की बोतल फटने से घायल किशोरों की खबररामनगर कानिया में बारूद की बोतल फटने से घायल किशोरों की खबर
Spread the love

रामनगर में पटाखों का बारूद खेलते समय तीन किशोर झुलसे

रामनगर (नैनीताल): उत्तराखंड के रामनगर क्षेत्र के कानिया गांव में रविवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। गांव में खेल रहे तीन किशोर बारूद की बोतल फटने से झुलस गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नई बस्ती कानिया निवासी 11 वर्षीय मोहन रौतेला अपने मित्रों मनीष सैनी और भानु सैनी के साथ खेल रहा था। उन्होंने प्लास्टिक की बोतल में पटाखों का बारूद भर रखा था। समीप ही बच्चों ने आग जलाई थी और वे उस बोतल से बारूद आग में डाल रहे थे। इस बीच अचानक बोतल में विस्फोट हो गया।

गंभीर रूप से झुलसे मोहन को ऋषिकेश रेफर किया गया 

हादसे में मोहन रौतेला गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि मनीष और भानु को मामूली चोटें आईं। तीनों को आनन-फानन में रामनगर अस्पताल ले जाया गया।
मनीष और भानु को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि मोहन को गंभीर अवस्था में हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए ऋषिकेश एम्स भेजने की सलाह दी।

मोहन के पिता नंदन सिंह रौतेला मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद परिवार ने बेटे के इलाज के लिए हरसंभव प्रयास शुरू कर दिए हैं।

स्थानीय पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है और अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा व बारूद जैसी खतरनाक वस्तुओं से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

अधिकारियों का बयान:
“बच्चों को पटाखों या बारूद से खेलने न दें। यह घटना जागरूकता की कमी के कारण हुई है।” — रामनगर पुलिस अधिकारी।


Spread the love

You missed