पत्रकार उत्पीड़न के खिलाफ हल्द्वानी के मीडिया जगत में उबाल, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
हल्द्वानी: हल्द्वानी के वरिष्ठ पत्रकार संजय पाठक के विरुद्ध प्रतिशोध की भावना से की जा रही कानूनी कार्यवाहियों और कथित उत्पीड़न के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में हल्द्वानी के समस्त पत्रकारों ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रेषित किया है। ज्ञापन में पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकार संजय पाठक ने 28 मार्च 2026 को जनहित से जुड़े अतिक्रमण और मार्ग अवरोध के विषय में एक खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। यह मुद्दा पूर्व में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की जनसुनवाई में भी स्थानीय लोगों द्वारा उठाया जा चुका था। आरोप है कि खबर के प्रकाशन से बौखलाकर संबंधित पक्ष (माउंट लिटेरा जी स्कूल के संचालक गिरजेश पांडे) द्वारा पत्रकार को लगातार लक्षित किया जा रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से हल्द्वानी के पत्रकारों ने शासन-प्रशासन से इस पूरे प्रकरण की समयबद्ध और निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। पत्रकारों का स्पष्ट कहना है कि निजी स्वार्थ और विधिक प्रक्रिया का दुरुपयोग कर पत्रकारों को डराने वाले स्कूल संचालक के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जानी चाहिए, ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए। साथ ही, पत्रकारों ने वरिष्ठ पत्रकार पर दर्ज कराए गए झूठे और दुर्भावनापूर्ण मुकदमों को तत्काल निरस्त करने की अपील की है। इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा हेतु प्रशासन से प्रभावी दिशा-निर्देश जारी करने का भी आग्रह किया है।
पत्रकारों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि संबंधित स्कूल संचालक द्वारा पत्रकार संजय पाठक को बार-बार विधिक नोटिस भेजे जा रहे हैं और न्यायालय में आपराधिक वाद दायर किए गए हैं। इतना ही नहीं, कोतवाली हल्द्वानी में रुपए मांगने और धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाकर मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी पत्रकार की साख को क्षति पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनकी मानसिक स्थिति पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पत्रकारों की एकजुटता साफ दिखाई दी। इस अवसर पर मुख्य रूप से राहुल सिंह दर्मवाल, गुरमीत सिंह, अजय सिंह चौहान, नीरू भल्ला, समाजसेवी सुशील भट्ट, गिरीश भट्ट, एडवोकेट मोहन कांडपाल, गोविंद सिंह घसियाल, अशोक सिंह बोहरा, शाहवेज खान, गोविंद बिष्ट, उदयवीर सिंह, रेहान खान, अमित कुमार चौधरी, नाजिम खान, कुणाल अरोरा, आशुतोष कोकिला, सचिन जोशी, मिथुन जायसवाल समेत बड़ी संख्या में पत्रकार और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।





