Spread the love

भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ तीसरी शक्तियों का हुंकार, मोहन कांडपाल को संयुक्त प्रत्याशी किया घोषित

हल्द्वानी, 12 जनवरी 2025: उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ तीसरी शक्तियों ने एकजुट होकर एडवोकेट मोहन कांडपाल को नगर निकाय चुनावों के लिए अपना संयुक्त प्रत्याशी घोषित किया है। उत्तराखंड क्रांति दल, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी, स्वराज हिन्द फौज, उर्जा अलायन्स और अन्य आंदोलनकारी शक्तियों ने हल्द्वानी में आयोजित बैठक में यह फैसला लिया।

इन संगठनों ने कहा कि राज्य में कांग्रेस और भाजपा की नीतियों की वजह से उत्तराखंड की स्थिति बदहाल हो चुकी है। इन दलों की नीतियों के खिलाफ एक सशक्त संघर्षशील राजनीतिक विकल्प तैयार करने के लिए नगर निगमों में जनपक्षी और उत्तराखंडी अस्मिता की रक्षा करने वाले नेताओं को एकजुट करने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में संयुक्त रूप से उम्मीदवार उतारे गए हैं।

संयुक्त मोर्चे के प्रत्याशी एडवोकेट मोहन कांडपाल के समर्थन में उत्तराखंड क्रांति दल, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी, स्वराज हिन्द फौज और अन्य संघर्षशील साथियों ने आज हल्द्वानी के बाजार क्षेत्र (कारखाना बाजार, मीरा मार्ग, नया बाजार, रेलवे बाजार), नैनीताल रोड, कुल्याल पूरा और जगदम्बा नगर में जोरदार प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम चुनावों में मोहन कांडपाल को वोट देने की अपील की।

इस अवसर पर कैप्टन महेश चंद्र तिवारी ने भूतपूर्व सैनिकों से अपील की कि वे क्षेत्रीय ताकतों के प्रत्याशी मोहन कांडपाल को अपना समर्थन दें और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं।

इस गठबंधन ने नगर निकाय चुनावों में एक नई राजनीति की दिशा दिखाने का संकल्प लिया है और प्रदेश में भाजपा-कांग्रेस की परंपरागत राजनीति को चुनौती देने का दावा किया है।


Spread the love

You missed