पिंडारी ट्रैक पर वन विभाग का सफाई अभियान 25 किलो प्लास्टिक कचरा हटाया
बागेश्वर जनपद के विश्व प्रसिद्ध पिंडारी ट्रैक को 15 अप्रैल से 15 जून तक पर्यटकों और ट्रैकिंग अभियानों के लिए खोल दिया गया है। ट्रैक खुलने के बाद अब तक जैकुनी और हिचोड़ी इको टूरिज्म पंजीकरण केंद्रों में कुल 1106 पर्यटकों का पंजीकरण किया जा चुका है।
पिंडारी ट्रैक क्षेत्र की जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बागेश्वर वन प्रभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में ग्लेशियर रेंज अधिकारी डॉली डोभाल ने 9 मई से 11 मई 2026 तक 6 सदस्यीय टीम के साथ पिंडारी ट्रैक रूट का निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें 👉उत्तराखंड: नर्सिंग और पैरामेडिकल प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए आवेदन शुरू, पहली बार लागू हुई ‘एकीकृत’ व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान वन विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय गाइडों के सहयोग से विशेष सफाई अभियान भी चलाया। जीरो पॉइंट से खाती तक ट्रैक रूट से करीब 25 किलोग्राम प्लास्टिक और अन्य कचरा एकत्र कर नीचे लाया गया। इस दौरान पर्यटकों से ट्रैकिंग व्यवस्था और सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया गया।
वन विभाग की टीम ने पर्यटकों और स्थानीय गाइडों को ट्रैकिंग के दौरान प्लास्टिक और कूड़ा इधर-उधर न फैलाने की सख्त हिदायत दी। साथ ही उपयोग किए गए प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट को वापस लाने तथा प्रकृति को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों की सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें 👉 शादी के 45 दिन बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, पंचायत में मायके और ससुराल वालों ने तोड़ा नाता
वन विभाग ने पिंडारी ट्रैक के दुर्गम भूभाग और बदलते मौसम को देखते हुए पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की है। पर्यटकों को मौसम विभाग और संबंधित विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा खराब मौसम की स्थिति में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।





