नैनीताल: पाइन्स के पास गहरी खाई में गिरी अनियंत्रित थार, हल्द्वानी के युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के तल्लीताल थाना क्षेत्र अंतर्गत पाइन्स के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित थार जीप (RJ 60CG-4574) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में हल्द्वानी निवासी एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि राजस्थान के रहने वाले दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
आज दोपहर डायल 112 के माध्यम से थाना तल्लीताल को सूचना मिली कि पाइन्स क्षेत्र में एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नैनीताल और थानाध्यक्ष तल्लीताल पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू में चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद एसडीआरएफ (SDRF) और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। टीमों ने तत्परता दिखाते हुए खाई में उतरकर वाहन में फंसे तीनों घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें 👉पिथौरागढ़: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मामूली विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की पत्नी की हत्या
रेस्क्यू के तुरंत बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए बी.डी. पाण्डे जिला चिकित्सालय नैनीताल भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान हल्द्वानी निवासी 21 वर्षीय राहुल कुमार ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना का मुख्य कारण चालक को नींद की झपकी आना था। झपकी लगने की वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और थार सीधे खाई में समा गई। हादसे में घायल हुए अन्य दो युवकों की पहचान 24 वर्षीय अरविंद सिंह और 20 वर्षीय युवराज सिंह के रूप में हुई है, जो राजस्थान के जोधपुर जिले के निवासी हैं। फिलहाल घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है और पुलिस मामले की अग्रिम कार्यवाही कर रही है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें





