देवभूमि जन हुंकार, रुद्रपुर (08 अगस्त 2026): उधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप क्षेत्र अंतर्गत शिमला बहादुर (वार्ड नंबर 1) में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। एक घर के कमरे में मैगी बनाते समय छोटे एलपीजी सिलिंडर से अचानक गैस रिसाव होने के बाद अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से पिता और उनके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कमरे में फैली गैस, देखते ही देखते विकराल हुई आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर एक शिमला बहादुर निवासी नितेश ममगाईं अपने दो बच्चों—पुत्र आदि (उम्र 9 वर्ष) और पुत्री इशिका (उम्र 11 वर्ष) के साथ रहते हैं। बताया गया कि शनिवार सुबह नितेश अपने बच्चों के लिए कमरे में छोटे एलपीजी सिलेंडर पर मैगी बना रहे थे। इसी दौरान छोटे एलपीजी सिलिंडर से अचानक तेजी से गैस का रिसाव होने लगा।
कमरे में गैस फैलने के कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से भड़की कि नितेश और उनके दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। आग की ऊंची लपटें और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया और झुलसे पिता व दोनों बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक इलाज के बाद बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल रेफर
रुद्रपुर जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, शरीर के कई हिस्सों में गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी हालत बेहद चिंताजनक बताई गई। बेहतर उपचार के लिए डॉक्टरों ने नितेश ममगाईं और दोनों बच्चों (आदि व इशिका) को उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन तुरंत उन्हें लेकर बरेली रवाना हो गए हैं, जहां उनका इलाज जारी है।
अस्पताल पहुंचे मेयर विकास शर्मा, दमकल विभाग ने ली जानकारी
हादसे की सूचना मिलते ही रुद्रपुर नगर निगम के मेयर विकास शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और परिजनों से हादसे की विस्तृत जानकारी ली। मेयर ने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में पूछने के साथ ही परिजनों को बेहतर इलाज हेतु हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
दूसरी ओर, दमकल विभाग के एफएसओ महेंद्र चंद्र ने बताया कि अग्निशमन विभाग को घटना की कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई थी। हालांकि, शिमला बहादुर क्षेत्र के एक मकान में आग की चपेट में आने से तीन लोगों के झुलसने की जानकारी मिलने पर विभाग द्वारा मामले का संज्ञान लिया गया है।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
