ऑपरेशन प्रहार: ऊधमसिंह नगर पुलिस ने तोड़ा IPL सट्टेबाजी का ‘दिल्ली नेटवर्क’, लग्जरी कार में सट्टा खिलाता बुकी गिरफ्तार
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर): मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त देवभूमि” संकल्प को साकार करने के लिए एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में ऊधमसिंह नगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। SOG रुद्रपुर और ट्रांजिट कैंप पुलिस की संयुक्त टीम ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कार्रवाई करते हुए दिल्ली के एक शातिर बुकी को गिरफ्तार किया है, जो लग्जरी कार के भीतर से देशव्यापी आईपीएल (IPL) सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहा था।
हॉन्डा सिटी कार बनी थी ‘सट्टेबाजी का कंट्रोल रूम’
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिडकुल आनंदपुर रोड पर एक व्यक्ति अपनी कार में बैठकर तकनीकी उपकरणों के जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगवा रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जब सफेद रंग की हॉन्डा सिटी कार (DL10CL7743) की तलाशी ली, तो दंग रह गई। आरोपी कार के अंदर लैपटॉप और 5 मोबाइल फोन के जरिए सट्टे का पूरा हिसाब-किताब रख रहा था।
यह भी पढ़ें 👉उत्तराखंड: नर्सिंग और पैरामेडिकल प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए आवेदन शुरू, पहली बार लागू हुई ‘एकीकृत’ व्यवस्था
आरोपी का विवरण और बरामदगी
गिरफ्तार बुकी की पहचान रंजीत सिंह सैनी (45 वर्ष), निवासी पालम कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में तकनीकी उपकरण और कैश बरामद किया है:
नकद: ₹92,000/- हार्ड कैश।
उपकरण: 01 लैपटॉप (सॉफ्टवेयर लोडेड), 05 स्मार्टफोन (iPhone सहित), 01 कैलकुलेटर।
वाहन: घटना में प्रयुक्त सफेद हॉन्डा सिटी कार।
डिजिटल तरीके से चल रहा था सट्टे का खेल
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पुलिस की नजरों से बचने के लिए सुनसान रास्तों पर कार खड़ी कर सट्टा संचालित करता था। वह iAssistant Software के जरिए ग्राहकों के रेट, टीमों के नाम और हार-जीत का रिकॉर्ड रखता था। पुलिस को उसके मोबाइल में Paytm ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट और सट्टेबाजी से जुड़ी कई वॉयस रिकॉर्डिंग भी मिली हैं, जो उसके नेटवर्क की पुष्टि करती हैं।
यह भी पढ़ें 👉 शादी के 45 दिन बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, पंचायत में मायके और ससुराल वालों ने तोड़ा नाता
‘ई-साक्ष्य’ ऐप का इस्तेमाल और कानूनी कार्रवाई
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशों पर पूरी बरामदगी और सीजर की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी e-Sakshya App के माध्यम से पारदर्शी तरीके से की गई। आरोपी के खिलाफ थाना ट्रांजिट कैंप में धारा 13 G Act के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
एसएसपी ने साफ चेतावनी दी है कि आईपीएल सीजन के दौरान अवैध सट्टेबाजी और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसी गिरफ्तारियां जारी रहेंगी।





