बुटीक की आड़ में चरस की तस्करी: नैनीताल पुलिस और एसटीएफ का बड़ा एक्शन, 10 लाख की चरस के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
काठगोदाम/हल्द्वानी | 10 मई 2026: नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान को आज उस समय बड़ी सफलता मिली, जब एएनटीएफ (ANTF), एसटीएफ कुमाऊं और काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने दमुवाढूंगा क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में चरस बरामद की। तस्करों ने नशे की सप्लाई के लिए टेलरिंग की दुकान को अपना ठिकाना बनाया हुआ था।
पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि दमुवाढूंगा के देवखड़ी क्षेत्र में स्थित “डी फैशन बुटीक” नामक दुकान के भीतर से नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा है। संयुक्त टीम ने जब सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के सामने स्थित इस बुटीक पर अचानक छापेमारी की, तो वहां मौजूद दो लोग पुलिस को देख सकपका गए। तलाशी लेने पर दुकान के भीतर से 5 किलो 2 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
यह भी पढ़ें 👉 बेमिसाल प्रेम कहानी:: सतना जेल की महिला अधिकारी ने उम्रकैद के सजायाफ्ता रहे धर्मेंद्र से रचाया विवाह
गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक प्रवीण आर्या इसी बुटीक का संचालक है, जबकि दूसरा आरोपी बलवंत सिंह बागेश्वर का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला है कि बरामद चरस को बागेश्वर के दुर्गम क्षेत्रों से लाकर हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
गिरफ्तार अभियुक्त:
प्रवीण आर्या (50 वर्ष): निवासी देवखड़ी दमुवाढूंगा, काठगोदाम (बुटीक संचालक)।
बलवंत सिंह (44 वर्ष): निवासी ग्राम तीख, कपकोट, जिला बागेश्वर।
यह भी पढ़ें 👉जब खुद ‘जासूस’ बन गए जिलाधिकारी: सिगरेट पीते बच्चों को देख पिघला डीएम का दिल
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ काठगोदाम थाने में NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा (FIR No. 62/26) दर्ज कर लिया है। एसएसपी नैनीताल ने बताया कि आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए इस तरह के औचक अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।





