हर की पौड़ी हरिद्वार का दृश्य जहाँ युवक द्वारा कथित रूप से अपमानजनक वीडियो बनाया गया
Spread the love

पत्नी की रील बनाने की आदत से परेशान पति ने हर की पौड़ी पर किया जीवित पत्नी का ‘पिंडदान

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार के सबसे पवित्र स्थल ‘हर की पौड़ी’ से एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने न केवल श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुँचाई है, बल्कि तीर्थ पुरोहितों और हिंदूवादी संगठनों में भी भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। वायरल वीडियो में एक युवक अपनी पत्नी की फोटो पर थूकने के बाद उसे गंगा में प्रवाहित करते हुए और प्रतीकात्मक रूप से पिंडदान करते हुए दिखाई दे रहा है।

सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के अनुसार, युवक अपनी पत्नी की ‘रील्स’ बनाने की अत्यधिक आदत से इस कदर नाराज था कि उसने गुस्से में आकर जीवित पत्नी का ही प्रतीकात्मक पिंडदान कर दिया। वीडियो में युवक महिला की फोटो के साथ अपमानजनक व्यवहार करता और फिर उसे गंगा की लहरों में बहाता नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोग इस पूरी घटना का वीडियो बनाते भी दिखाई दिए।

उसका आरोप है कि पत्नी रील बनाने की शौकीन है और इस दौरान कुछ लोगों के साथ वीडियो बनाती है, जिससे वह आहत है। पति ने भावनात्मक रूप से खुद को उस रिश्ते से अलग मानने की बात भी कही है।

यह भी पढ़ें 👉 बेमिसाल प्रेम कहानी:: सतना जेल की महिला अधिकारी ने उम्रकैद के सजायाफ्ता रहे धर्मेंद्र से रचाया विवाह

तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि हर की पौड़ी करोड़ों लोगों की श्रद्धा का केंद्र है और यहाँ इस तरह की घृणित हरकत किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि व्यूज और फॉलोअर्स की होड़ में लोग धार्मिक स्थलों का मजाक बना रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई है।

यह भी पढ़ें 👉जब खुद ‘जासूस’ बन गए जिलाधिकारी: सिगरेट पीते बच्चों को देख पिघला डीएम का दिल

वीडियो के वायरल होते ही पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है। हर की पौड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Spread the love

You missed