प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
Spread the love

देहरादून: आज पीएम मोदी के दौरे से पहले अभेद्य सुरक्षा, 3000 पुलिसकर्मी तैनात, 12 किमी रोड शो के लिए 13 जोन बनाए गए

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर राजधानी देहरादून में सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रोड शो रूट और कार्यक्रम स्थल के आसपास करीब 3000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें 550 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

ये सभी अधिकारी और कर्मचारी कंट्रोल रूम से लेकर शहर के विभिन्न स्थानों पर सक्रिय रूप से ड्यूटी निभाएंगे। डीजीपी दीपम सेठ ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और फोर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्यक्रम से पहले मिनट-टू-मिनट रिहर्सल भी किया गया।

कड़ी जांच और सख्त निर्देश

डीजीपी ने सभी अधिकारियों को वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए सजग, सतर्क और संवेदनशील रहने के निर्देश दिए हैं। वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल पर आने वाले सभी लोगों का पूर्व सत्यापन अनिवार्य किया गया है। बिना जांच किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

निर्धारित स्थानों पर हैंड-हेल्ड और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर के जरिए हर व्यक्ति की सघन जांच की जाएगी। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान ड्रोन संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऊंची इमारतों, जल टंकियों और संवेदनशील स्थानों की जांच बम निरोधक दस्ते और श्वान दल द्वारा की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉 पिथौरागढ़ में सनसनीखेज वारदात: बेटे ने हथौड़े से पिता पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत

12 किलोमीटर रोड शो, 13 जोन में बंटी सुरक्षा

प्रधानमंत्री के 12 किलोमीटर लंबे रोड शो को ध्यान में रखते हुए पूरे रूट को 13 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर और नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं, जो सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

प्रशासन की बैठक और तैयारियां

जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी जोनल मजिस्ट्रेट के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम से पहले स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और पेयजल विभाग को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्य मंच के पास ग्रीन रूम में इंटरनेट, फैक्स लाइन और प्रोटोकॉल के अनुसार सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज

रिहर्सल के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन

सोमवार को पीएम के रोड शो से पहले आशारोड़ी से महिंद्रा ग्राउंड (गढ़ी कैंट) तक फ्लीट की रिहर्सल की गई। इस दौरान आईएसबीटी, जीएमएस रोड समेत कई प्रमुख मार्गों को अस्थायी रूप से बंद किया गया और बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोकी गई। फ्लीट के गुजरने के बाद मार्गों को क्रमवार खोला गया।

पूरे जिले में सघन चेकिंग

पीएम दौरे के मद्देनजर देहरादून पुलिस पूरी तरह सतर्क है। एसएसपी के नेतृत्व में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। होटल और गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों का सत्यापन किया जा रहा है, जबकि जनपद की सीमाओं पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love