देवभूमि जन हुंकार, नैनीताल (06 अगस्त 2026): नैनीताल जनपद में गरीब, असहाय और पीड़ित नागरिकों के कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की कड़ी और संवेदनशील प्रशासनिक कार्यशैली सामने आई है। जिलाधिकारी की त्वरित पहल के फलस्वरूप विकास खंड धारी के ग्राम कौल निवासी भगवती देवी की लगभग 25 नाली पैतृक भूमि को भू-माफिया के अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त करा लिया गया है। वर्षों की भागदौड़ के बाद अपनी जमीन वापस मिलने पर पीड़िता ने जिलाधिकारी का आभार प्रकट किया है।
लंबे समय से पैतृक भूमि पर जमा रखा था भू-माफियाओं ने कब्जा
प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विकास खंड धारी अंतर्गत ग्राम कौल निवासी भगवती देवी (पत्नी स्वर्गीय दीवान राम) की लगभग 25 नाली पैतृक भूमि पर क्षेत्र के दबंग भू-माफियाओं द्वारा लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। असहाय पीड़िता अपनी जमीन छुड़ाने के लिए कई बार स्थानीय स्तर पर गुहार लगा चुकी थीं, लेकिन उन्हें कहीं से न्याय नहीं मिल पा रहा था।
परेशान होकर पीड़िता ने इस पूरे प्रकरण से जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल को व्यक्तिगत रूप से अवगत कराया और अपनी व्यथा सुनाई।
डीएम के निर्देश पर तुरंत पहुँची संयुक्त टीम, मिला कब्जा
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बिना कोई समय गंवाए तत्काल राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को धारी के ग्राम कौल में स्थलीय जांच हेतु भेजा। जिलाधिकारी के निर्देश पर मौके पर पहुँची टीम ने भू-अभिलेखों की पड़ताल और पैमाइश की, जिसमें पीड़िता द्वारा लगाए गए सभी आरोपों में पूर्ण सत्यता पाई गई।
जांच में सत्यता प्रमाणित होने के तुरंत बाद संयुक्त टीम ने मौके पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 25 नाली भूमि को अतिक्रमण से पूरी तरह मुक्त कराया और उसका विधिक व भौतिक कब्जा पीड़िता भगवती देवी को सौंप दिया। वर्षों बाद अपनी पैतृक भूमि वापस पाकर भगवती देवी भावुक हो गईं और उन्होंने जिलाधिकारी की संवेदनशीलता के लिए उनका धन्यवाद जताया।
“गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं”—डीएम रयाल
इस पूरी कार्रवाई के बाद कड़ा संदेश देते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा, “नैनीताल जनपद में किसी भी गरीब, असहाय अथवा पीड़ित व्यक्ति की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन आमजन को समय पर पारदर्शी न्याय देने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे मामलों में शामिल भू-माफियाओं के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें

