नंदा देवी एक्सप्रेस से लापता नवविवाहिता बिहार में मिली: पति से ‘नोकझोंक’ के बाद बदला था डिब्बा, पुलिस ने किया बरामद
रुड़की/लक्सर: नंदा देवी एक्सप्रेस में सफर के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई नवविवाहिता का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। हरिद्वार पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बिहार के बेगूसराय से सकुशल बरामद कर लिया है। जांच में जो सच सामने आया, उसने पुलिस और परिजनों दोनों को हैरान कर दिया।
मामला 5 मई का है, जब कानपुर निवासी मनीष अग्रहरि अपनी पत्नी प्रज्ञा सिंह के साथ नंदा देवी एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। लक्सर के पास प्रज्ञा अचानक ट्रेन से लापता हो गई। पत्नी के न मिलने पर मनीष ने घबराकर लक्सर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता और अपहरण की आशंका को देखते हुए पुलिस ने इसे तुरंत धाराओं में तब्दील कर तलाश शुरू कर दी थी।
यह भी पढ़ें 👉 बेमिसाल प्रेम कहानी:: सतना जेल की महिला अधिकारी ने उम्रकैद के सजायाफ्ता रहे धर्मेंद्र से रचाया विवाह
पति से नाराजगी और सिम कार्ड फेंककर पहुंची बेगूसराय
लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रेस करने के बाद पुलिस टीम चौकी प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में बिहार के बेगूसराय पहुंची। वहां से महिला को बरामद कर जब लक्सर लाया गया, तो उसने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए:
-
महिला ने बताया कि ट्रेन में सफर के दौरान उसका पति से किसी बात को लेकर विवाद (कहासुनी) हो गया था।
-
नाराजगी में उसने ट्रेन का डिब्बा बदल लिया और पति को बिना बताए दूसरी बोगी में जाकर बैठ गई।
-
पकड़े जाने के डर से उसने अपने मोबाइल फोन से सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया और बेगूसराय स्थित अपने एक परिचित के घर चली गई।
यह भी पढ़ें 👉जब खुद ‘जासूस’ बन गए जिलाधिकारी: सिगरेट पीते बच्चों को देख पिघला डीएम का दिल
लक्सर पुलिस ने महिला के बयान दर्ज करने के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पिछले कई दिनों से इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी पुलिस टीम ने महिला के सकुशल मिलने पर राहत की सांस ली है।





