नैनीताल में होम स्टे का निरीक्षण करते एसडीएम और राजस्व विभाग की टीम
Spread the love

नैनीताल में ‘होम स्टे’ के नाम पर बड़ा खेल: 197 ठिकानों पर छापा, 169 में मिलीं भारी अनियमितताएं, लाइसेंस होंगे निरस्त!

नैनीताल, 11 मई 2026: सरोवर नगरी नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में होम स्टे की आड़ में चल रहे अवैध कारोबार पर जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी स्ट्राइक की है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के सख्त निर्देश पर सोमवार को पूरे जनपद में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि 197 में से 169 होम स्टे नियमों की धज्जियां उड़ाते पाए गए।

जिलाधिकारी के आदेश पर उप जिलाधिकारियों (SDM), तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से होम स्टे संचालकों में हड़कंप मच गया। जांच रिपोर्ट के अनुसार:

44 होम स्टे बिना किसी पंजीकरण (Registration) के अवैध रूप से चल रहे थे।

125 होम स्टे ‘होम स्टे नियमावली-2015’ के मानकों के विपरीत पाए गए।

यह भी पढ़ें 👉 बेमिसाल प्रेम कहानी:: सतना जेल की महिला अधिकारी ने उम्रकैद के सजायाफ्ता रहे धर्मेंद्र से रचाया विवाह

बाहरी लोगों का कब्जा और राजस्व की चोरी

निरीक्षण के दौरान टीम को कई गंभीर खामियां मिलीं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि होम स्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय लोगों को रोजगार देना और संस्कृति को बढ़ावा देना था, लेकिन धरातल पर स्थिति उलट है:

लीज का खेल: कई होम स्टे बाहरी राज्यों के लोगों को लीज पर दिए गए हैं, जो इसे विशुद्ध व्यावसायिक रूप से चला रहे हैं।

मालिक गायब: अधिकांश होम स्टे में मालिक स्वयं मौजूद नहीं मिले, जबकि नियमतः स्वामी का वहां निवास करना अनिवार्य है।

सुविधाओं का अभाव: कई जगह न पार्किंग मिली और न ही अपनी किचन।

टैक्स चोरी: घरेलू बिजली-पानी के कनेक्शन पर व्यवसायिक काम कर और बिना GST चुकाए राज्य को भारी राजस्व क्षति पहुंचाई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉जब खुद ‘जासूस’ बन गए जिलाधिकारी: सिगरेट पीते बच्चों को देख पिघला डीएम का दिल

नैनीताल शहर में एसडीएम नवाजिश खलिक के नेतृत्व में हुई छापेमारी में स्थिति और भी खराब मिली। तल्लीताल बूचड़खाना, जू रोड और मल्लीताल क्षेत्र के सभी 16 होम स्टे फेल पाए गए। यहां पार्किंग और किचन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नदारद थीं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अनियमितता पाए गए सभी 169 होम स्टे को नोटिस जारी किया जा रहा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर इनके लाइसेंस निरस्त कर कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Spread the love

You missed