रुद्रपुर पुलिस की गिरफ्त में तलवार लहराने वाला आरोपी पंकज कोली उर्फ खरगोश
Spread the love

रुद्रपुर: मोहल्ले में तलवार लहराने वाला ‘खरगोश’ गिरफ्तार; SSP के निर्देश पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुई कार्रवाई

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर): सोशल मीडिया पर तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले शातिर अपराधी पंकज कोली उर्फ ‘खरगोश’ को रुद्रपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई अवैध तलवार भी बरामद कर ली गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था खौफनाक वीडियो

बीते 13 मई को रम्पुरा क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक युवक सरेआम तलवार लहराते हुए लोगों को धमकाता और इलाके में दहशत फैलाता नजर आ रहा था। एसएसपी अजय गणपति ने वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए थे।

यह भी पढ़ें 👉उत्तराखंड: नर्सिंग और पैरामेडिकल प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए आवेदन शुरू, पहली बार लागू हुई ‘एकीकृत’ व्यवस्था

मामूली विवाद में परिजनों को तलवार लेकर दौड़ाया

जांच में सामने आया कि वार्ड नंबर 23, रम्पुरा निवासी पंकज कोली उर्फ खरगोश का एक परिवार से मामूली विवाद हुआ था। गुस्से में आकर आरोपी ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट की और फिर धारदार तलवार लेकर उन्हें जान से मारने की नियत से पीछे दौड़ाया। इस घटना के बाद से ही स्थानीय निवासियों में डर का माहौल बना हुआ था।

घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

पीड़ित राम सेवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद कोतवाली रुद्रपुर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। सोमवार (18 मई) को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ब्लॉक रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर 19 वर्षीय पंकज कोली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने मौके पर ही वह अवैध तलवार बरामद की, जिसे वह वीडियो में लहरा रहा था।

यह भी पढ़ें 👉 शादी के 45 दिन बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, पंचायत में मायके और ससुराल वालों ने तोड़ा नाता

पुराना अपराधी है ‘खरगोश’

पुलिस जांच में पता चला है कि महज 19 साल की उम्र में पंकज कोली उर्फ खरगोश के खिलाफ रुद्रपुर थाने में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उस पर मारपीट, जान से मारने की धमकी, बलवा और आर्म्स एक्ट के तहत पहले से ही आपराधिक इतिहास मौजूद है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


Spread the love

You missed