दून IT पार्क की ‘रील वाली चोर नौकरानी’: 10 लाख के हीरे-सोने के गहने चुराए; फिर मालकिन के साथ खुद थाने गई और इंस्टाग्राम रील में वही जेवरात पहनकर पकड़ी गई! 👇
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पॉश इलाके राजपुर से चोरी का एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। यहाँ एक शातिर घरेलू सहायिका यानी नौकरानी ने अपनी मालकिन के लॉकर से 10 लाख रुपये की कीमत के हीरे और सोने के महंगे आभूषण साफ कर दिए। मजे की बात यह है कि चोरी के बाद मालकिन का शक दूर करने के लिए वह खुद मालकिन का हाथ पकड़कर थाने शिकायत करने पहुंच गई।
लेकिन कहते हैं कि चोर चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कोई न कोई सबूत छोड़ ही जाता है। चोरी के एक साल बाद शातिर नौकरानी का यही ओवर-कॉन्फिडेंस उसकी जी का जंजाल बन गया। नौकरानी ने चोरी किए गए वही बेशकीमती हीरे के गहने पहनकर इंस्टाग्राम पर रील और वॉट्सऐप स्टेटस लगा दिया, जिसे मालकिन ने देख लिया। इसके बाद एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर 10 लाख का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।
जाखन के अपार्टमेंट से गायब हुए थे हीरे के आभूषण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नितिशा वत्स निवासी सिक्का किमाया ग्रीन, दून आईटी पार्क ने राजपुर थाने में एक लिखित तहरीर दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व जब वह दून रिपब्लिक अपार्टमेंट, जाखन में रह रही थीं, तब उनके घर से दो हीरा जड़ित अंगूठियां, एक सोने की चेन और एक बेशकीमती हीरा जड़ित पेंडेंट अचानक चोरी हो गए थे।
उस समय नितिशा को अपने घर में काम करने वाली नौकरानी विमला देवी पर शक हुआ था। लेकिन जब विमला से इस बारे में पूछा गया तो उसने रोना-धोना शुरू कर दिया और कहा कि चलो, मैं खुद आपके साथ पुलिस में रिपोर्ट लिखाने चलती हूं। विमला की इस वफादारी और सीधे व्यवहार को देखकर मालकिन को उस पर पूरा विश्वास हो गया और वह अपने ही घर के कोने-कोने में गहने ढूंढती रही।
यह भी पढ़ें 👉 सुहाग की ‘गुप्त सेटिंग’ का पत्नी ने कर दिया भंडाफोड़; बच्चों के साथ मिलकर पति और दूसरी महिला को सिखाया ऐसा सबक कि पहुंच गए थाने! 👇
वॉट्सऐप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील ने खोल दी पोल
इस सस्पेंस स्टोरी में सबसे बड़ा ट्विस्ट बीते 29 जून की सुबह आया, जब मालकिन नितिशा वत्स ने सुबह अपना मोबाइल चेक किया। नौकरानी विमला देवी ने अपने वॉट्सऐप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील पर कुछ वीडियो पोस्ट किए थे। इन वीडियो में विमला देवी वही चोरी की गई दो हीरे की अंगूठियां और पेंडेंट पहनकर ठुमके लगा रही थी और पोज दे रही थी।
मालकिन ने अपने गहनों को एक नजर में पहचान लिया और उन्हें यकीन हो गया कि उनकी पीठ में छुरा घोंपने वाली कोई और नहीं बल्कि यही विमला देवी है। इसके बाद मामले की शिकायत तुरंत पुलिस को दी गई। मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेन्द्र डोबाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए राजपुर थाना पुलिस को विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें 👉 पिता जिसे छोड़ गए थे स्कूल, वह मां के लाखों के जेवरात और नकदी लेकर किशोर संग हुई फरार; युवा पीढ़ी का यह भटकाव क्यों?👇
जोहड़ी रोड से दबोची गई चोर, पूरी टीम को मिलेगा इनाम
राजपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर शुक्रवार को जोहड़ी रोड के पास घेराबंदी करते हुए आरोपी महिला विमला देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब उसकी निशानदेही पर छापेमारी की, तो उसके पास से चोरी किया गया एक हीरे का हार, सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडल और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद हो गया। बाजार में इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
पूछताछ में आरोपी विमला (निवासी लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश) ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह नितिशा के घर काम करती थी। लॉकर में रखे महंगे हीरे देखकर उसका ईमान डोल गया था और उसने मौका पाकर गहने चुरा लिए। उसने कई बार इन हीरों को बाजार में बेचने की कोशिश की, लेकिन बहुत महंगे होने के कारण कोई सुनार इन्हें खरीदने को तैयार नहीं हुआ, जिसके चलते वह इन्हें बेच नहीं पाई और खुद पहनकर रील बनाने लगी। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है और इस शानदार खुलासे पर एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।





