पाकिस्तान से करोड़ों के लेनदेन में उत्तराखंड की शिक्षिका गिरफ्तार, जम्मू-कश्मीर पुलिस का बड़ा एक्शन
पिरान कलियर (हरिद्वार): देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से राष्ट्र विरोधी नेटवर्क और टेरर फंडिंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के आसफनगर गांव में तड़के छापेमारी कर एक निजी स्कूल की शिक्षिका को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि यह युवती पाकिस्तान के माध्यम से होने वाले करोड़ों रुपये के अवैध वित्तीय लेनदेन (ट्रांजेक्शन) के एक बड़े सिंडिकेट से जुड़ी हुई थी। करीब ढाई घंटे की लंबी पूछताछ और पहचान प्रक्रिया के बाद पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लिया और स्थानीय कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई है।
जांच में सामने आया है कि इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का पर्दाफाश तब हुआ, जब कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया था। वह युवक पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध ट्रांजेक्शन संभाल रहा था। कड़ाई से की गई पूछताछ में उसने उत्तराखंड के रुड़की (कलियर) की रहने वाली सोनम नाम की इस युवती के नाम का खुलासा किया।
यह भी पढ़ें 👉धर्मांतरण सिंडिकेट : लालच और डर दिखाकर धर्म परिवर्तन कराने वाले पास्टर सहित 4 गिरफ्तार
सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर पुलिस से संपर्क साधा और आसफनगर गांव में दबिश दी। पकड़ी गई युवती एमए की छात्रा थी, जिसने बाद में पढ़ाई छोड़कर एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया था, लेकिन ज्यादा पैसों के लालच में वह इस खतरनाक और अवैध धंधे में शामिल हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, यह युवती इस सिंडिकेट के लिए एक मोहरे के रूप में काम कर रही थी और उसे हर एक सफल ट्रांजेक्शन के बदले 500 रुपये का कमीशन मिलता था। हालांकि छापेमारी के दौरान मौके से कोई नकद राशि बरामद नहीं हुई है, लेकिन बैंक खातों और डिजिटल इनपुट से करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन की पुष्टि हो रही है।
इस अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से युवती के परिजन और स्थानीय ग्रामीण पूरी तरह हैरान हैं कि इलाके में रहकर कोई लंबे समय से पाकिस्तान से जुड़े इतने बड़े नेटवर्क को अंजाम दे रहा था। मामले की संवेदनशीलता की पुष्टि करते हुए पिरान कलियर के एसएचओ कमल मोहन भंडारी ने बताया कि यह पूरा प्रकरण जम्मू-कश्मीर में दर्ज एक मुख्य मुकदमे से संबंधित है, जिसके चलते स्थानीय पुलिस ने नियमानुसार सीमित सहयोग प्रदान किया और आरोपी युवती की गिरफ्तारी की जा चुकी है।





